21.4 C
Bhopal

US राष्ट्रपति चुनाव: प्रेसिडेंशियल डिबेट में पहली बार आमने-सामने हुए कमला-ट्रंप, दोनों नेताओं के बीच जमकर हुई तू-तू, मैं-मैं

प्रमुख खबरे

वाशिंगटन। अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति का चुनाव होना है। अब चुनाव में दो महीने से भी कम का समय बचा है। इससे पहले रिपब्लिक पार्टी उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेट पार्टी की प्रत्याशी कमला हैरिस राष्ट्रपति पद की बहस में आमने-सामने हुए। दोनों उम्मीदवारों के बीच पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट हुई है। इस दौरान दोनों के बीच रूस-यूक्रेन जंग और इस्राइल-हमास संघर्ष जैसे कई मुद्दों को लेकर जमकर बस देखने को मिली। ट्रंप ने भारतीय मूल की कमला हैरिस पर नस्लीय टिप्पणी की। वहीं कमला ने गर्भपात के मुद्दे पर ट्रंप पर करारा पलटवार किया। कुल मिलाकर देखा जाए तो करीब 90 मिनट की डिबेट में कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। कभी ट्रंप तो कभी हैरिस एक-दूसरे पर हावी होते दिखे। मामला उस वक्त और तनावपूर्ण हो गया, जब ट्रंप लगातार बाइडन प्रशासन की विफलताओं को उजागर कर रहे थे और कमला हैरिस ने जवाब दिया कि आप बाइडन के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।

डिबेट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप हैरिस के खिलाफ व्यक्तिगत हमले करते दिखे। अमेरिकी अर्थव्यवस्था के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने हैरिस और उनके पिता को मार्क्सवादी कहा। इस पर हैरिस मुस्कुराती नजर आईं। ट्रंप ने कहा,’तीन साल पहले और चार साल पहले वह जो भी मानती थी, वह सब खत्म हो चुका है। अब वह मेरे दर्शनशास्त्र की ओर जा रही है। वह एक मार्क्सवादी हैं। हर कोई जानता है कि वह एक मार्क्सवादी हैं। उनके पिता अर्थशास्त्र में मार्क्सवादी प्रोफेसर हैं। उन्होंने हैरिस को अच्छी शिक्षा दी।’ पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने कोविड के दौरान अपने द्वारा किए गए कामों के लिए पर्याप्त श्रेय न मिलने को लेकर भी शिकायत की। उन्होंने कहा कि हमने महामारी के साथ अभूतपूर्व लड़ाई लड़ी।

मैं अमेरिका के लोगों की महात्वाकांक्षा और सपनों में भरोसा रखती हूं
हैरिस ने अपनी मध्यवर्गीय पृष्ठभूमि और राष्ट्रपति चुने जाने पर परिवारों और छोटे व्यवसायों का समर्थन करने की अपनी योजनाओं के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि हमारे पास उन अमेरिकी परिवारों के लिए योजनाएं हैं, जो अर्थ और जीवन-यापन के बढ़ते खर्च से चिंतित हैं। मैं अमेरिका के लोगों की महात्वाकांक्षा और सपनों में भरोसा रखती हूं। इस दौरान उन्होंने ट्रंप को भी आड़े हाथों लिया। निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह “अरबपतियों और बड़े निगमों” को कर में कटौती प्रदान करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब जो बाइडन ने सत्ता संभाली थी तो ट्रंप ने अर्थव्यवस्था को किस स्थिति में छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड के पास आपके लिए कोई योजना नहीं है।

हमने ट्रंप की गंदगी को साफ किया
वहीं, ट्रंप ने भी कमला हैरिस पर पलटवार किया। ट्रंप ने आव्रजन को लेकर बाइडन के रिकॉर्ड पर कमला हैरिस को आड़े हाथों लिया। इस पर कमला हैरिस ने जवाब देते हुए कहा कि आप उसी पुरानी थकी हुई कहानी, झूठ, शिकायतों का एक गुच्छा सुनाने जा रहे हैं। हैरिस ने कहा कि बाइडन को सत्ता सौंपते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने हमारे लिए ऐतिहासिक मंदी के बाद सबसे बुरी बेरोजगारी छोड़ी। उन्होंने हमारे लिए एक सदी की सबसे बड़ी स्वास्थ्य महामारी छोड़ी। वहीं, हमने डोनाल्ड ट्रंप की गंदगी को साफ किया।

बाइडेन प्रशासन के कामों को लेकर ट्रंप ने हैरिस को घेरा
ट्रंप ने जो बाइडेन प्रशासन के कामों को लेकर हैरिस को निशाना बनाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ी। ट्रंप ने कहा कि बाइडेन प्रशासन के दौरान अमेरिका में अपराध रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ा है। उनके इस बयान के बाद कमला हैरिस ने ट्रंप पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणी एक ऐसे व्यक्ति की तरफ से अच्छी नहीं लगती जिस पर कई बार आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। जिसके जवाब में ट्रंप ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया और यह दावा किया कि उनके खिलाफ ये सभी मामले राजनीति से प्रेरित हैं। इसी दौरान ट्रंप ने अपने ऊपर 13 जुलाई को हुए जानलेवा हमले के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा, ‘मेरे बारे में जो बातें उन्होंने (डेमोक्रेटिक्स ने) कही हैं, उसके कारण शायद मुझे सिर में गोली लगी है। वे लोकतंत्र की बात करते हैं, मैं लोकतंत्र के लिए खतरा हूं। वे लोकतंत्र के लिए खतरा हैं।’

अमेरिका में अबॉर्शन के अधिकार को लेकर भिड़े हैरिस-ट्रंप
ट्रंप जहां गर्भपात की नीति का बचाव करते दिखे। वहीं, कमला हैरिस ने इसे महिलाओं का अधिकार बताया और इसकी वकालत करती दिखीं। उन्होंने कहा कि ट्रंप महिलाओं को मत बताएं कि उन्हें अपने शरीर के साथ क्या करना है। हैरिस ने कहा, ‘सरकार और डोनाल्ड ट्रंप को महिलाओं को यह नहीं बताना चाहिए कि उन्हें अपने शरीर के साथ क्या करना चाहिए।’ हैरिस ने ट्रंप को घेरते हुए कहा कि अगर ट्रंप चुनाव जीत गए तो वो पूरे देश में अबॉर्शन पर रोक लगाने वाले बिल को पास कर देंगे। उन्होंने कहा कि शरीर से जुड़े फैसले लेने की आजादी के नियम सरकार को नहीं बनाने चाहिए।

प्रवासियों के मुद्दे पर ट्रंप के बेतुके दावे और हैरिस का पलटवार
ट्रंप ने डिबेट के दौरान कहा कि बाइडेन प्रशासन के दौरान अमेरिका में प्रवासियों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि हैती के प्रवासी ओहायो में बड़ी संख्या में रह रहे हैं और वो वहां के अमेरिकी लोगों के पालतू जानवरों को खा जा रहे हैं। ट्रंप ने कहा, ‘मैंने लोगों को टीवी पर ये कहते सुना है कि मेरे कुत्तों को चुरा लिया गया और उन्हें खाया गया।’ हालांकि, ट्रंप के इस दावे को पहले ही खारिज किया जा चुका है क्योंकि प्रवासियों के पालतू जानवरों का मांस खाने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

प्रवासियों के मुद्दे पर ट्रंप की टिप्पणी के जवाब में कमला हैरिस ने कहा कि प्रवासियों को लेकर लाए गए एक बिल को लॉबी के जरिए ट्रंप ने रोक दिया। हैरिस ने कहा कि ट्रंप ने अपने चुनावी फायदे के लिए बिल को पास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने एक समस्या को खत्म करने के बजाए उसे मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ना पसंद किया।’ हैरिस ने डिबेट के दौरान कहा कि अगर वो जीतती हैं तो Bipartition Border Bill को पास करवाना उनकी प्राथमिकता होगी। यह बिल अवैध तरीके से अमेरिका में प्रवासियों के प्रवेश को प्रतिबंधित करेगा। इसी दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने जो बाइडेन पर निशान साधते हुए कहा, “डेमोक्रेट्स ने ‘उन्हें कुत्ते की तरह चुनाव अभियान से बाहर निकाल दिया।’ हमारे पास एक ऐसा राष्ट्रपति है जो यह भी नहीं जानता कि वह जिंदा है।

‘…पुतिन अब तक कीव में होते’
डिबेट के दौरान ट्रंप कमला हैरिस और उनकी सरकार को इजरायल-गाजा युद्ध और रूस-यूक्रेन युद्ध पर घेरते दिखे। उन्होंने कहा कि अगर वो राष्ट्रपति होते तो इजरायल पर हमला ही नहीं होता। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन के पास परमाणु हथियार हैं और हैरिस और राष्ट्रपति जो बाइडेन युद्ध को रोकने में विफल रहे हैं। यूक्रेन युद्ध पर तीखी बहस के बीच कमला हैरिस ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर ट्रंप राष्ट्रपति होते तो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अब तक कीव में होते। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि ट्रंप को यह समझना चाहिए कि पुतिन किसी के सगे नहीं है। वे अपने लिए ट्रंप को धोखा देने से भी नहीं चूकेंगे। जब यह सवाल उठा कि क्या ट्रंप चाहते हैं कि रूस के खिलाफ यूक्रेन युद्ध जीत जाए? इस पर ट्रंप ने सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि युद्ध रुकना चाहिए। मुझे लगता है कि इस जंग को रोकना अमेरिका के सबसे ज्यादा जरूरी और सर्वाधिक हित में है। हमें ऐसा करना ही होगा।

इजरायल-हमास युद्ध पर ट्रंप ने हैरिस को घेरा
ट्रंप ने कहा कि कमला हैरिस इजरायल से नफरत करती हैं। ट्रंप आगे बोले, ‘मैं जितना जल्दी हो सकेगा, इसे सुलझाने की कोशिश करूंगा और अगर मैं राष्ट्रपति बनता हूं तो रूस-यूक्रेन युद्ध भी जल्द से जल्द खत्म करवाने की कोशिश करूंगा। यहां तक कि राष्ट्रपति बनने से पहले ही मैं यह कर दिखाऊंगा।’ जबाव में हैरिस ने युद्ध पर आगे कहा, ‘हम एक ही बात जानते हैं और वो ये कि इस युद्ध को खत्म होना चाहिए, इसे तुरंत खत्म होना चाहिए। हम युद्धविराम और बंधकों की वापसी चाहते है। हम इस दिशा में काम करना जारी रखेंगे।’

कमला हैरिस के भारतीय मूल पर क्या बोले ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप पूर्व में कमला हैरिस के ब्लैक होने और उनके भारतीय और जमैकाई मूल के होने को लेकर निशाना साधते रहे हैं। उनका कहना है कि हैरिस लोगों के हिसाब से रंग बदलती हैं और वो कभी ब्लैक तो कभी भारतीय मूल की हो जाती हैं। ट्रंप ने कई बार कमला के नाम का मजाक भी उड़ाया है। लेकिन इस डिबेट के दौरान वो हैरिस पर इस तरह की टिप्पणी से बचते दिखे। उन्होंने कहा, ‘मुझे फर्क नहीं पड़ता कि वो क्या हैं। वो जो होना चाहती हैं, मुझे उससे कोई परेशानी नहीं है।’

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे