34.1 C
Bhopal

प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो-बस में हुई भीषण टक्कर में 10 श्रद्धालुओं की मौत, 19 घायल, मृतक सभी छत्तीसगढ़ के

प्रमुख खबरे

प्रयागराज। कुंभनगरी प्रयागराज में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां पर बोलेरो और बस के बीच हुई भीषण भिड़ंत में जहां 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं करीब डेढ़ दर्जन घायल हुए हैं। हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो पूरी तरह से चकनाचूर हो गई है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह भीषण हादसा शुक्रवार की देर रात करीब ढाई बजे मेजा में प्रयागराज-मिजार्पुर हाईवे पर हुआ। जान गंवाने वाले सभी लोग बोलेरो में सवार थे। वे छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से महाकुंभ आ रहे थे।

घायल हुए 19 लोग बस में सवार थे, जो कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह से डैमेज हो गई। श्रद्धालु छिटककर सड़क पर जा गिरे। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। शवों को बोलेरो से निकालने में ढाई घंटे का समय लगा। वहीं सभी घायलों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख भी जताया है। एक्स पर किए गए पोस्ट में उन्होंने जनपद प्रयागराज में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

अपनी दिशा में आ रही थी बस
बताया जा रहा है कि टूरिस्ट बस अपनी साइड से ही जा रही थी कि सामने से तेज गति में आ रही बोलेरो सीधे टकरा गई। बोलेरो में सवार चालक समेत 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बस में सवार श्रद्धालु घायल रोडमल ने बताया दुर्घटना के समय बस में सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे, अचानक भीषण टक्कर हुई। दुर्घटना के समय मैं जाग रहा था और बस के केबिन में बैठा था। बोलेरो तेज गति में आकर सामने से भिड़ गई। एसपी यमुनापार विवेक यादव ने बताया- बोलेरो में सभी पुरुष सवार थे। इसकी स्पीड बहुत ज्यादा थी। बस वाले ने ब्रेक लगाया, लेकिन सामने से आ रही बोलेरो बस में सामने से भिड़ गई। मरने वाले कोरबा के दर्री और जांजगीर चांपा जिले के रहने वाले थे। दो परिवार के लोग साथ में आए थे।

परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
कमिश्नर तरुण गाबा और डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को रामनगर सीएचसी में भर्ती करवाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद सभी को स्वरूप रानी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, फिर शवों को उन्हें सौंप दिया जाएगा। मरने वालों की पहचान कोरबा के रहने वाले ईश्वरी जायसवाल, संतोष सोनी, भागीरथी, सोमनाथ, अजय बंजारे, सौरभ सोनी, गंगा दास वर्मा, शिवा राजपूत, दीपक वर्मा और राजू साहू के रूप में हुई है।

गैस कटर से बोलेरो की बॉडी काटी, तब शव निकल पाए
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- टक्कर की आवाज सुनकर हम लोग दौड़कर पहुंचे। देखा कि बोलेरो से शव बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस गैस कटर और एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। बोलेरो को गैस कटर से काटा गया। तब जाकर शवों को बाहर निकाला गया। कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। बैग से मिले आधार कार्ड से पुलिस ने दो शवों की पहचान ईश्वरी प्रसाद जायसवाल और सोमनाथ दरी के रूप में की।

हादसे के वक्त बस सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे
घायल श्रद्धालु रोडमल ने बताया कि हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक भीषण टक्कर हुई। उस समय मैं जाग रहा था और बस के केबिन में बैठा था। बेकाबू बोलेरो सामने से बस से भिड़ गई। गनीमत रही कि मैं किसी तरह बच गया। कोरबा कलेक्टर अजीत बंसल ने कहा- प्रयागराज पुलिस से हम संपर्क में हैं। रढ ने वहां की पुलिस से बात की है। श्रद्धालुओं के घरवालों को सूचना दे दी गई है। उनके घरवाले प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं। प्रयागराज से कोआॅर्डिनेड करके हम आगे की कार्रवाई करेंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे