पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां के सिमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पगरा स्थित जेके सीमेंट प्लांट के निर्माणधीन छत का छज्जा गिरने से 4 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 15 घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक प्लांट में निमार्णाधीन हिस्से में छत की स्लैब डाली जा रही थी। जहां से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान सौ अचानक छत का छज्जा भरभराकर गिर गया। जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे कमिश्नर वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि घटना में 4 लोगों की मौत हुई है। वहीं उन्होंने 15 मजदूरों के घायल होने की भी पुष्टि की। डीआईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि चार मृतकों में तीन बिहार के रहने वाले हैं और एक पन्ना जिले के सिमरिया का रहने वाला है। इधर, स्थानीय सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने हादसे पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के लिए भी निर्देश दिए हैं।
मृतकों को 18-18 लाख रुपए देगा प्लांट प्रबंधन
प्लांट का दौरा कर लौटे अधिकारियों ने बताया कि मृतकों को प्लांट प्रबंधन की तरफ से 18-18 लाख रुपए दिए जाएंगे। घायलों को एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे। जब तक घायल मजदूर पूर्ण रूप से स्वस्थ्य नहीं हो जाते तब तक प्रबंधन की तरफ से इलाज करवाया जाएगा। सभी को पूरी सैलरी भी दी जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, निमार्णाधीन बिल्डिंग पांच मंजिला है। इस सेक्टर में करीब 100 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। ये सभी यूपी, बिहार, झारखंड और मध्यप्रदेश के जिलों के रहने वाले हैं। चौंकाने वाली बात यह रही की घटना के करीब 4 घंटे बाद भी प्लांट प्रबंधन ने कोई जानकारी नहीं दी है।
हादसे में इनकी गई जान
अंसार आलम (उम्र 34 वर्ष) निवासी पूर्णिया बिहार
मसूद (उम्र 36 वर्ष) पिता नसरूदीन, निवासी पूर्णिया बिहार
रोहित खरे (उम्र 32 वर्ष), निवासी सिमरिया पन्ना
मुस्फिर (उम्र 36 वर्ष), निवासी पूर्णिया बिहार