भोपाल। मध्यप्रदेश में सूरज ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च महीने में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मंगलवार को धार शहर का पारा 39 डिग्री के पार पहुंच गया तो नर्मदापुर में 39 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं भोपाल-इंदौर और संभाग में भी गर्मी का असर रहा। इनके अलावा जबलपुर संभाग का भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी कुछ दिनों तक प्रदेश में ऐसी तपिश बनी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को इंदौर संभाग का धार शहर सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 39.1 डिग्री रहा। वहीं, नर्मदापुरम में तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह रतलाम में 38.5 डिग्री, खजुराहो में 38.4 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री, दमोह में 37.5 डिग्री, मंडला, शिवपुरी-सिवनी में 37.2 डिग्री और सागर में पारा 37.1 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 37.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में तापमान 37.3 डिग्री और भोपाल में 37.1 डिग्री रहा, जबकि जबलपुर में यह 35.2 डिग्री था। हालांकि, रात में पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
मार्च में टूट चुका है ठंड का रिकॉर्ड
बफीर्ली हवा चलने से प्रदेश में चार दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ी। इससे भोपाल समेत कई शहरों में पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। कई शहर में शीतलहर चली, जबकि रात का पारा 6 डिग्री तक पहुंच गया। राजगढ़, शाजापुर, उमरिया, मंडला, नौगांव और मलाजखंड जैसे छोटे शहर सबसे ठंडे रहे, लेकिन अब पारे में बढ़ोतरी होने लगी है। बफीर्ली हवा का असर अब नहीं है।
इस सप्ताह प्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम
इस सप्ताह में मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में रात का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक होगा जबकि गुजरात के ऊपर साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम की वजह से भोपाल, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर और चंबल संभाग में तापमान 15-17 डिग्री तक रहेगा। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से बढ़ा रहेगा। भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में यह सामान्य 31-34 डिग्री सेल्सियस पर बना रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से में बादल जरूर छाए रहेंगे।
अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग ने इस साल के लिए अनुमान जताया है कि अप्रैल और मई के महीने में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। इन दोनों महीनों के दौरान ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी बनी रहेगी।
मार्च में तीनों मौसम का असर
मध्यप्रदेश में पिछले 10 सालों के आंकड़ों के अनुसार, मार्च में रातें ठंडी और दिन गर्म होते हैं, और बारिश का ट्रेंड भी रहता है। इस बार भी ऐसा ही मौसम है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है, जबकि रात में तापमान 10 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में ग्वालियर में मौसम सबसे अधिक बदलता हुआ रहता है, जहां रात का तापमान 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। जबलपुर में दिन में गर्मी और रात में ठंडक का अनुभव होता है।