नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। राजधानी की सत्ता में तीन बार काबिज हो रही आम आदमी पार्टी को शर्मनाक पराजय का सामना करना पड़ा है। पिछले चुनाव में 63 सीटों पर कब्जा करने वाली आप इस बार महज 22 सीटों पर सिमट गई है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर पार्टी के कई धुरंधर चुनाव हार गए हैं। आप के दिग्गजों की हार पर दुनिया भर में मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। यही नहीं उन्होंने केजरीवाल पर तीखा हमला भी बोला है।
कुमार विश्वास ने एक बातचीत के दौरान भाजपा का जीत की बधाई देते हुए कहा कि मुझ पर राम और कृष्ण की कृपा हुई कि मैं इस सर्कस (आम आदमी पार्टी) से बाहर आ सका। कहा, ‘करोड़ों लोग नौकरियां छोड़कर आए थे, दुश्मनियां ली थीं। उन सब की हत्या एक आत्ममुग्ध आदमी ने, चरित्रहीन आदमी ने अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए की। उसको ईश्वरीय विधान से दंड मिला। खुशी इस बात की भी है कि न्याय हुआ।’
सिसोदिया को भेजूंगा गीता
कवि ने आगे कहा कि जब हमें मनीष सिसोदिया के जंगपुरा से हारने की खबर मिली तो मेरी अराजनीतिक पत्नी रो पड़ीं। क्योंकि मनीष ने उसी से कहा था कि अभी तो है ताकत। मेरी पत्नी ने जवाब में कहा था कि भइया ताकत सदैव तो नहीं रहती। मैं उन्हें गीता भेजूंगा।’ अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन पर टिप्पणी करते हुए कुमार विश्वास ने कहा- ‘मुझे उस आदमी से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने अपनी व्यक्तिगत महत्वकांक्षा के लिए अन्ना आंदोलन से निकले लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया। दिल्ली अब उससे आजाद है। उसने आप कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के लिए किया। आज न्याय मिल गया। ‘
हमें प्रसन्नता, न्याय मिला
उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए यह व्यक्तिगत प्रसन्नता या दुख का विषय नहीं है। लेकिन इस बात की प्रसन्नता जरूर है कि न्याय हुआ। आशा करता हूं कि आने वाले लोग और बाकी दल इससे सीख लेंगे और सत्ता पाने के बाद अहंकारी नहीं होंगे। दिल्ली के नागरिकों को मैं अच्छे शासन के लिए बधाई देता हूं। भाजपा अपने नेतृत्व में सरकार बनाकर दिल्ली के जो दुख थे पिछले 10 वर्षों में उसे दूर करे। मैं आप के समस्त कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा कि आपने जिस किसी भी लोभ लालच में सबकुछ जानते हुए एक ऐसे व्यक्ति के समर्थन में काम किया, जिसने अपने मित्रों की पीठ में छुरा घोंपा, अपने गुरु को धोखा दिया, अपने साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली महिलाओं को अपने घर लाकर पिटवाया, अब उससे आशा लगानी छोड़ें। अपना-अपना जीवन देखें।’
आप के यह दिग्गज हारे चुनाव
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सोमनाथ भारती, दुर्गेश पाठक, सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज जैसे आप के कई बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। वहीं सीएम आतिशी कालकाजी सीट से बहुत कम अंतर से चुनाव जीती हैं। उन्होंने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को हराया है।