भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा से जुड़ी दुखद खबर सामने आई हैं। भाजपा नेता और पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह का निधन हो गया है। सुरेन्द्र नाथ सिंह को मम्मा के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने 62 वर्ष की आयु में मंगलवार सुबह 4 बजे अंतिम सांस ली।वह लंबे समय समय से बीमार चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उनके हार्ट की सर्जरी भी हुई थी, लेकिन इसके बाद भी उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और आज उनका निधन हो गया है। सुरेंद्र नाथ सिंह के निधन पर बीजेपी के सीनियर नेताओं ने दुख जताया है। सीएम मोहन यादव और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है।
सुरेंद्र नाथ सिंह बीजेपी में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके थे, सुरेन्द्र नाथ सिंह मम्मा भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से विधायक रहे थे। इसके अलावा वह भोपाल विकास प्राधिकरण (वीडीए) के अध्यक्ष और भोपाल भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके थे। भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के पद रहते उन्होंने उन्होंने भोपाल के विकास और जनकल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके निधन पर बीजेपी संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। उनके निधन को पार्टी ने अपूरणीय क्षति बताया है।
शिवराज सिंह के करीबी थे ‘मम्मा’
भोपाल में ‘मम्मा’ के नाम से मशहूर रहे सुरेंद्रनाथ सिंह शिवराज सिंह के काफी करीबी माने जाते थे। उनके असामयिक निधन पर पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। सुरेंद्रनाथ सिंह लंबे समय से भाजपा और आरएसएस के लिए काम कर रहे थे। उनकी गिनती भाजपा के कट्टर नेताओं में की जाती थी।
वीडी-विजयवर्गीय ने जताया दुख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सुरेन्द्र नाथ सिंह के निधन पर दुख जताते हुए लिखा ‘भोपाल नगर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं बीडीए के पूर्व अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता व कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ” भाजपा मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता और भोपाल के पूर्व विधायक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संघर्ष के साथी श्री सुरेंद्र नाथ सिंह जी के असमय निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।