खरगोन। लोकमाता देवी अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में शुक्रवार को मप्र सरकार कैबिनेट बैठक करने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर आज होने वाली कैबिनेट बैठक में सरकार कई बड़े अहम प्रस्तावों पर मुहर लगा सकती है। इसमें सबसे बड़ा फैसला मप्र के धार्मिक शहरों में पूर्ण शराबबंदी हो हो सकता है। ऐसा इसलिए भी माना जा रहा है के सीएम यादव इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं। उन्होंने गुरुवार को भी गोटेगांव में मप्र के सभी धार्मिक शहरों में पूर्ण शराब बंदी की बात कही थी। वहीं धार्मिक में शराब बंदी को लेकर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में जो भी निर्णय होंगे, वह सामने आ जाएंगे। मुख्यमंत्री जी ने इसके संकेत दिए हैं।
महेश्वर के नर्मदा रिट्रीट होटल में होने वाली इस बैठक के लिए कैबिनेट हॉल को विशेष रूप से सजाया गया है। हॉल को महारानी अहिल्या बाई के ऐतिहासिक दरबार और किले का स्वरूप दिया गया है। बता दें कि सीएम यादव ने इस कैबिनेट की बैठक को देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई का सम्पूर्ण जीवन लोक-कल्याण और सुशासन को समर्पित रहा है। राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई के महिला सशक्तिकरण, किसान-कल्याण, सुशासन की दिशा में दिखाए रास्ते पर चल रही है। उनकी ही तरह हमारी सरकार भी प्रदेश के पूर्ण विकास के लिए संकल्पित है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सिद्धातों को आदर्श राज्य की नीति-निर्माण में समाहित किया जाएगा। सीएम यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन से हमें प्रेरणा मिली है। इसलिए हमारी सरकार ने महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण की दिशा में कदम आगे बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि महेश्वर में आयोजित होने जा रही बैठक में नारी शक्ति को लेकर नई पॉलिसी की भी घोषणा की जाएगी।
महेश्वर डेस्टिनेशन कैबिनेट के मुख्य आकर्षण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव महेश्वर घाट पर माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना करेंगे।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई की स्मृति में पौध-रोपण होगा।
महेश्वर में माँ नर्मदा के घाटों के साथ ही नगर में भी साज-सज्जा होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव, महेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से संवाद करेंगे।
मंत्रि-परिषद के सदस्य लोकमाता देवी अहिल्याबाई के महल का अवलोकन करेंगे।
सीएम हमेश्वर जानापाव सिंचाई परियोजना का करेंगे शिलान्यास
सीएम यादव महेश्वर जानापाव सिंचाई परियोजना का शिलान्यास होगा। यह परियोजना 982 करोड़ रुपये की है। इस परियोजना से इंदौर, धार और खरगोन जिले के 120 से ज्यादा गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।सीएम और कैबिनेट के मंत्रीगणों के मनोरंजन के लिए खरगोन की आदिवासी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा यहां पर प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों को भी परोसा जाएगा। कैबिनेट की बैठक के बाद महेश्वर में एक जनसभा का आयोजन होगा, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संबोधित करेंगे।