बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले बड़ौत में आयोजित किए जा रहे जन निर्वाण महोत्सव में बड़ा हादसा हो गया है। भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मान स्तम्भ परिसर में बना लकड़ी का स्टेज टूट जाने से जहां 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं 80 से अधिक घायल हुए हैं। इनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि स्टेज ढहने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। एम्बुलेंस नहीं मिलने पर घायलों को ई रिक्शा में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर बड़ौत कोतवाली एसपी और एडिशनल एसपी भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। दरअसल, बड़ौत में एक जैन संत की मौजूदगी में आदिनाथ भगवान के निर्वाण के लड्डू चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। बड़ौत के जैन कॉलेज फील्ड में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान मान स्तम्भ परिसर में बना लकड़ी से बना मंच ढह गया।
कार्यक्रम के लिए बनाया गया था 65 फीट ऊंचा मंच
इस हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि धार्मिक कार्यक्रम के लिउ 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था। इसकी सीढ़ियां टूट गई। बताया जा रहा है कि जैन कॉलेज परिसर में स्थापित मानस्तम्भ में विराजमान प्रतिमा जी का अभिषेक करने के लिए अस्थाई सीढ़ियां लगाई गई थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया था।