भोपाल। भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतिम दिन केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित की गई दो दिवसीय जीआईएस को लेकर भाजपा सरकार और मप्र की जमकर तारीफ की। बिजली, पानी, सड़क को लेकर जो मध्य प्रदेश बीमारू राज्य माना जाता था, उसे भाजपा सरकार ने 20 साल में बदलकर रख दिया है। शाह ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश ने नया प्रयोग किया है जो कई राज्यों को दिशा दिखाएगा।
शाह ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी जी ने देश की 130 करोड़ जनता के सामने 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है। 2027 तक दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य भी रखा है। मप्र की ये समिट दोनों लक्ष्यों को साकार करने में सहायक होगी। कोई एक सरकार देश का विकास नहीं कर सकती। टीम इंडिया में राज्य और भारत सरकार मिलकर काम करे। शाह ने कहा कि समिट में लोकल और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट के कई डायमेंशन अचीव किए गए हैं। देश में मध्य प्रदेश निवेश के लिए एक बड़ा आकर्षण केंद्र बना है।
बीमारू राज्य में गिना जाता था मप्र
शाह ने पूववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एक समय तक मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य में गिनती होती थी। बिजली, सड़क, पानी सब में बीमारू राज्य में एमपी गिना जाता था। लेकिन भाजपा सरकार ने 20 साल में बदलकर रख दिया है। भाजपा सरकार के 20 साल के शासन में आज यहां 5 लाख किमी रोड नेटवर्क है। 6 हवाई अड्डे हैं, 31 गीगावॉट की ऊर्जा क्षमता है। इसमें से 30 प्रतिशत ग्रीन एनर्जी है। मप्र में विकास के बड़े-बड़े काम हुए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि जिस तरह की कार्ययोजना सरकार ने बनाई है, इसमें से अधिकतर एमओयू जमीन पर उतरेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाया जाएगा। बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर अब बन चुका है। एमपी में जमीन भी है, माइंस भी है और मिनरल्स भी है।
मध्य प्रदेश देश का कॉटन कैपिटल बन गया
अमित शाह ने कहा,कि 25 फीसदी कॉटन की सप्लाई करता है। मुझे विश्वास है कि एमपी की टीम सफल होगी। 2047 में विश्व की तीसरी नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर सामने आएंगे। सड़क, एयर कनेक्टिविटी समेत कई महत्वपूर्ण संस्थान है। मध्य प्रदेश देश का कॉटन कैपिटल बन गया है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग के लिए भी मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है। पहले बड़ी आबादी को बैंक अकाउंट खोलने का भी सौभाग्य नहीं मिला था। मैं विश्वास दिलाता हूं कि जो मध्य प्रदेश में निवेश करने आए हैं, उन्हें एक अच्छा माहौल मिलेगा।
शाह के स्पीच की प्रमुख बातें
- देशभर में सबसे ज्यादा खनिज संपदा पैदा करने वाला राज्य हमारा मध्यप्रदेश है।
मध्यप्रदेश देश का कॉटन कैपिटल भी बन गया है। फूड प्रोसेसिंग के लिए भी मप्र महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है। - एमपी में एक स्ट्रैटेजिक लोकेशन है। बेहतरीन इंफ्रास्ट्रचर यहां बन चुका है। ईको सिस्टम भी प्रशासन ने उपलब्ध कराया।
- मार्केट का एक्सेस भी मप्र से ज्यादा किसी स्टेट को उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा पारदर्शी शासन ने लोगों को इन्वेस्टमेंट के लिए आकर्षित किया है।
- यहां लैंड भी है, लेबर फोर्स भी है, माइंस हैं, मिनरल्स हैं, उद्योग की संभावनाएं और अवसर हैं।