15.7 C
Bhopal

सपाईयों ने ही सरयू के जल को रामभक्तों के खून से किया था लाल, योगी का जोरदार प्रहार, मिल्कीपुर में बोले- आस्था से खिलवाड़ कर रहे अखिलेश

प्रमुख खबरे

अयोध्या। मां गंगा के तट पर कैबिनेट बैठक और त्रिवेणी में डुबकी लगाने के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी रण में कूद गए हैं। यूपी सीएम ने जहां गुरुवार को दिल्ली में चुनावी सभा कर आम आदमी पार्टी औ अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला था। वहीं शुक्रवार को यूपी की मिल्कीपुर विधानसभा में चुनावी सभा कर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। बता दें कि मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर 5 फरवरी को उपचुनाव होना है। अधिसूचना जारी होने के बाद योगी की विधानसभा क्षेत्र में यह पहली सभा है।

योगी ने मिल्कीपुर के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के पलिया मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे तो सबसे पहले मंच से जय श्रीराम के नारे लगाए। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ का जिक्र कर अखिलेश यादव पर वार किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ महाकुंभ में करोड़ों लोग स्नान कर रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ सपा के लोग महाकुंभ के बारे में दुष्प्रचार कर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन लोगों ने एक साल पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भी विरोध किया था। ये वही सपा के लोग हैं जिन्होंने सरयू के जल को रामभक्तों के खून से लाल कर दिया था। ये परिवारवादी लोग जातिवाद के नाम पर समाज को तोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं विकासवाद और राष्ट्रवाद है।

योगी ने अंबेडकर को भी किया याद
सीएम योगी ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को भी याद किया, संविधान की बात भी की और परिवारवाद की पिच पर सपा को जमकर घेरा। सीएम योगी ने सपा पर डॉक्टर आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया। सीएम योगी ने परिवारवाद को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि यह विकास में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि ये लोग माफियाओं का समर्थन करते हैं। सपा प्रयागराज में महाकुंभ का विरोध करती है। सपा अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करती है। सीएम योगी ने कहा कि जब वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर बनता है, संत रविदास की जन्मस्थली का सुंदरीकरण होता है तो सपा उसका भी विरोध करती है। उन्होंने कहा कि सपा डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का अपमान करती है, सामाजिक न्याय के पुरोधाओं का अपमान करती है।

हमने अपराधियों पर नकेल कसी
यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम हमने डॉक्टर आंबेडकर के नाम पर किया। उन्होंने हैरिंग्टनगंज के नाम का जिक्र करते हुए कहा कि ये गुलामी की मानसिकता क्यों। इसका नाम भी तो कोई स्वामी वामदेव के नाम पर हो सकता है। किसी विश्वनगरी के नाम पर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन्होंने पूरी ताकत लगाई थी कि गुलामी के ढांचे को कोई टस से मस नहीं कर सके लेकिन हमने कहा कि कुछ भी हो, गुलामी का ढांचा तो हटेगा। उन्होंने सपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और सपा सरकार के समय की कानून-व्यवस्था का जिक्र कर भी विपक्षी दल को घेरा। सीएम योगी ने सपा सरकार के समय दलितों की जमीन पर कब्जा करने के कथित मामले का जिक्र करते हुए कहा कि खाली प्लॉट पर झंडा लगा देते थे और फिर कब्जा कर लेते थे। उन्होंने कहा कि हमने अपराधियों पर नकेल कसी और हमने कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्जे का ये खेल हमारी सरकार के समय नहीं चलेगा।

सपा के शासनकाल में सड़क पर नहीं निकलती थीं बेटियां
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। व्यापारी सुरक्षित महसूस करते हैं। सपा की सरकार में बेटियां सड़क पर नहीं निकल सकती थीं। व्यापारियों को लूट लिया जाता था। लोगों की संपत्ति पर भूमाफिया कब्जा कर लेते थे और जो जितना बड़ा डकैत उसे उतना बड़ा ओहदा दिया जाता था पर अब माफियाओं को जहन्नुम भेजा जा रहा है। अयोध्या का विकास हो रहा है। आज अयोध्या के लोग दुनिया में कहीं पर भी जाते हैं तो उनका सम्मान किया जाता है। सपा की सरकार में राम की पैड़ी पर जल सड़ता रहता था पर अब लाखों लोग आकर वहां पर डुबकी लगा रहे हैं। अयोध्या को पुराना गौरव प्राप्त हो रहा है।

उप चुनाव में जीत का किया जिक्र
सीएम योगी ने कटेहरी से मझवां तक, उपचुनाव में जीत का जिक्र करते हुए इनका रिकॉर्ड तोड़ने की अपील करते हुए सपा को अयोध्या, मिल्कीपुर का दुश्मन बताया। उन्होंने कहा कि परिवारवाद और माफियाओं को प्रश्रय देने वाली समाजवादी पार्टी को सिरे से खारिज कर दिए जाने की जरूरत है। सीएम ने जनसभा में मौजूद लोगों से घर-घर जाकर ये बताने का आह्वान किया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे