नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली को 20 फरवरी को नया सीएम मिल जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में रामलीला मैदान में शाम 4.30 बजे होगा। शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले शपथ समारोह में 3 मंच बनाए जा रहे हैं। एक बड़ा मंच 40X24 का होगा। वहीं, दो मंच 34X40 के होंगे। मंच पर लगभग 100 से 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी। आम लोगों के बैठने के लिए करीब 30 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। कार्यक्रम की व्यवस्था की देखरेख के लिए भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाने की तैयारी की गई है। हालांकि, अब तक यह सामने नहीं आया है कि आखिर दिल्ली की कुर्सी किसे मिलेगी। सभी को दिल्ली के सीएम का नाम सामने आने का इंतजार है। वैसे 6 विधायकों के नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे हैं। इनमें रविंद्र इंद्रराज सिंह, शिखा राय, प्रवेश वर्मा, विजेन्द्र गुप्ता, राजकुमार भाटिया, जितेन्द्र महाजन का नाम शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पार्टी ने 15 विधायकों के नाम निकाले हैं। उनमें से 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। इन्हीं 9 नामों में सीएम, कैबिनेट मंत्री और स्पीकर के नाम तय किए जाएंगे।
मंत्रिमंडल में सीएम समेत 7 मंत्री हो सकते हैं
दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों से एक-एक भाजपा विधायक को चुना जा सकता है। बिहार और पंजाब चुनाव के अलावा जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें चुना जाएगा। पार्टी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को बुलाई गई है, जिसमें सीएम की घोषणा होगी। बैठक में शपथग्रहण समारोह के इंचार्ज विनोद तावड़े और तरूण चुघ भी मौजूद रहेंगे। दिल्ली बीजेपी चीफ वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली बीजेपी संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
पीएम सहित बड़े नेताओं की होगी बैठक
सूत्रों के मुताबिक 15 विधायकों को प्रमुख मंत्री पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया है कि नई सरकार में उपमुख्यमंत्री होने की संभावना नहीं है। पार्टी सूत्रों ने पहले बताया कि मामले को अंतिम रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य शीर्ष भाजपा नेताओं के बीच एक बैठक होने की भी संभावना है।
भाजपा ने चुनाव में जीती 70 में से 48 सीटें
बता दें कि हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर आप को सत्ता से बेदखल किया। 10 साल से अधिक समय तक दिल्ली पर शासन करने वाली आप, 8 फरवरी को घोषित हुए कड़े मुकाबले वाले चुनाव में केवल 22 सीटें जीत पाई। वहीं, भाजपा 1993 के बाद पहली बार दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है।