नई दिल्ली। दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है। यह तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है। चुनाव प्रचार भी तेज होता जा रहा है। भाजपा-आप और कांग्रेस के दिग्गज मतदाताओं को लुभाने के लिए धुआंधार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मंगलवार को भी ऐसा ही देखने को मिलेगा। भाजपा-आप और कांग्रेस के धुरंधर आज ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं करेंगे। भाजपा की ओर से जहां राजनीति के चाणक्य और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ चुनावी सभाएं और रैलियां करेंगे। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के प्रचार युद्ध में भाजपा ने ताबड़तोड़ करीब 40 चुनावी रैलियों का कार्यक्रम है। वहीं कांग्रेस के ओर से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मोर्चा संभालेंगे। इसी आप प्रत्याशियों के समर्थन में अरविंद केजरीवाल चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
अमित शाह दक्षिणी दिल्ली में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन चुनाव प्रचार करेंगे। गृह मंत्री शाह का कस्तूरबा नगर में रोड शो प्रस्तावित है और वे कालकाजी, बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। कालकाजी सीट से भाजपा के टिकट पर पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी मैदान में हैं जिनका मुकाबला आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, कांग्रेस की सीनियर नेता अलका लांबा से है। वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी तीन जनसभाएं प्रस्तावित हैं। भाजपा की ओर से जारी रैलियों के कार्यक्रम के मुताबिक सीएम योगी मंगोलपुरी, विकासपुरी और राजेंद्र नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इनके अलावा हरियाणा समेत अन्य राज्यों के बड़े चेहरे भी भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आएंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत अलग-अलग नेताओं की 40 से ज्यादा रैलियां आज होनी हैं।
राहुल इन क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए मांगेंगे वोट
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भी आज से दिल्ली के दंगल में एंट्री होनी है। राहुल गांधी को पटपड़गंज और ओखला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करना है। ओखला विधानसभा मुस्लिम बहुल मानी जाती है इसलिए राहुल की यह रैली कई मायनों में अहम होगी। बाहरी दिल्ली के बादली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट चुनाव प्रचार करेंगे। हरियाणा से सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी अलग-अलग कैंडिडेट्स के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। बता दें कि राहुल की तीन दिन में तीन रैलियों का कार्यक्रम कांग्रेस ने बनाया था लेकिन इनमें से किसी भी जनसभा को संबोधित करने नहीं पहुंचे थे। उनकी तबीयत खराब होने की वजह से कुछ कार्यक्रम स्थगित करने पड़े थे।
पंजाब के सीएम भी करेंगे चुनाव प्रचार
इसी तरह दिल्ली के पूर्व सीएम सीएम अरविंद केजरीवाल की आज नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के घोंडा और करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैलियां होनी हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिख बहुल विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। पंजाब के सीएम मान ईस्ट दिल्ली लोक सभा क्षेत्र में आने वाले विश्वास नगर, गांधीनगर और जंगपुरा सीटों पर रैलियां करने वाले हैं। जंगपुरा से दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के अलावा राज्यसभा सांसद संजय सिंह और क्रिकेटर हरभजन सिंह भी आम आदमी पार्टी उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।