नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आ गए हैं। राजधानी में भाजपा को 27 साल बाद प्रचंड जीत मिली है। लेकिन नतीजों के दस दिन बाद भी भाजपा सीएम के नाम पर मुहर नहीं लगा पाई है। जिसको लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसना भी शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में दिल्ली की पूर्व सीएम और आप विधायक आतिशी ने भाजपा द्वारा सीएम का नाम फाइनल न किए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पीएम को किसी पर भरोसा नहीं, इसलिए मुख्यमंत्री का नाम अब तक फाइनल नहीं हो सका है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48 सीटों पर जीत मिली है। जबकि आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई है। वहीं कांग्रेस तीसरी बार दिल्ली में खाता नहीं खोल सकी।
आप विधायक आतिशी ने सोमवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि दिल्ली के चुनाव के नतीजे आए 10 बीत गए हैं, लेकिन बीजेपी अभी तक मुख्यमंत्री पद का फैसला नहीं ले पाई है। उनके पास दिल्ली वालों के लिए कोई विजन नहीं है। प्रधानमंत्री जी को अपने 48 विधायकों में किसी पर भी भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि आज 17 तारीख है। 8 फरवरी को नतीजे आए थे, दिल्ली वालों को उम्मीद थी की 9 तारीख को भारतीय जनता पार्टी अपना मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करेगी और 10 तारीख को शपथ ग्रहण होगा। उसके बाद दिल्ली वालों का काम शुरू होगा, लेकिन दिल्ली की जनता इंतजार करती रह गई।
दिल्ली चलाने पीएम मोदी के पास नहीं कोई योग्य व्यक्ति
उन्होंने कहा कि आज 10 दिन बीत गए हैं, लेकिन भाजपा मुख्यमंत्री पद निर्णय नहीं ले पाई है। 48 विधायकों का एक ही काम है लूट-खसोट करना दिल्ली की जनता को लूटने दिल्ली के पैसे की बंदरबांट करना। दिल्ली की सरकार चलाने के लिए पीएम मोदी के पास एक भी व्यक्ति नहीं है, जिसे वह चयन करके मुख्यमंत्री बना सकें। अगर मुख्यमंत्री बनने लायक कोई नहीं है तो ये दिल्ली की सरकार कैसे चलाएंगे। उनके पास दिल्ली वालों के लिए कोई विजन नहीं है।