विदिशा/भोपाल। संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहव डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विदिशा में आयोजित की गई। रविन्द्रनाथ टैगोर सभागार में आयोजित कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने संबोधित किया। जहां उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों के साथ सदैव अन्याय किया और जनता के बीच झूठ परोसते रहे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा- बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के रूप में महू में दिव्य आत्मा का अवतरण हुआ था, जिन्होंने भारत को संविधान देकर देश को सजाने व संवारने का कार्य किया है। बाबा साहब अंबेडकर का जन्म 19वीं शताब्दी में हुआ, उन्होंने काम 20वीं शताब्दी में किया और 21वीं शताब्दी में उनकी चर्चा हो रही है, तीन-तीन शताब्दी बाबा साहब को समर्पित हैं। बाबा साहब अंबेडकर जी के साहित्य को कांग्रेस ने गायब कर दिया, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने कहा कि हम बाबा साहब के साहित्य को लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे।
बाबा साहेब के विचारों के साथ कांग्रेस ने हमेशा किया अन्याय
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों के साथ सदैव अन्याय किया और जनता के बीच झूठ परोसते रहे। हम गांव, बस्ती और द्वार-द्वार जाकर बाबा साहब के सच को रखेंगे। पहले सुप्रीम कोर्ट में एक भी दलित जज नहीं था, आज तीन-तीन जज हैं और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष भी दलित समाज से हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त, समृद्ध और शक्तिशाली देश बना है। पीएम के नेतृत्व में भारत आतंकवाद को लेकर जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रहा है और पहलगाम हमले के आतंकवादियों और साजिशकर्ताओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा।
संविधान की आत्मा को कांग्रेस ने पहुंचाई ठेस
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान में राम दरबार के साथ भगवान श्रीकृष्ण और हनुमान जी सहित सनातन के अनेक देवी-देवताओं को समाहित किया था, लेकिन कांग्रेस ने इन्हें भी संविधान से हटाने का कार्य किया। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के कार्यों को रोकने और उन्हें राजनीति में आगे नहीं आने देने के लिए चुनाव हराने का कार्य कांग्रेस ने किया। कांग्रेस ने बाबा साहब द्वारा अनुसूचित जाति और अनसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण व आर्थिक उत्थान के लिए दिए गए आरक्षण को रोकने का भी प्रयास किया था। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को हमेशा अपमानित किया है।
पीएम मोदी ने बाबा के सपने को किया साकार
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर कभी नहीं चाहते थे कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लागू हो पर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उनकी सहमति के खिलाफ संविधान में संशोधन करते हुए 370 और अनुच्छेद 35ए लागू कर दिया था। पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के सपने को पूरा किया है।
मौत के बाद भी कांग्रेस ने अंबेडकर को किया अपमानित
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू की कोशिश होती थी कि बाबा साहब देश की आर्थिक नीति हो या विदेश नीति किसी में शामिल न हो सकें। बाबा साहब को कांग्रेस ने जीते जी तो अपमानित किया ही, मृत्यु के बाद भी उनको अपमानित करने का काम किया। हजारों साल भारत गुलाम था। गुलामी के दौरान हमारी संस्कृति व सभ्यता को नष्ट करने का कार्य दुश्मनों ने किया।