36.1 C
Bhopal

बिहार में विरोधियों पर फिर बरसे बागेश्वर धाम, कहा- भोंकने वालों से नहीं हमें भय, हमारी लड़ाई 150 करोड़ हिंदुओं के लिए

प्रमुख खबरे

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में हनुमंत कथा कर रहे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने विपक्षी पार्टियों पर फिर एक बार जोरदार हमला बोला है। खासकर उन पर जो उनके बिहार आने का विरोध कर रहे थे। इस दौरान धीरेन्द्र शास्त्री ने हुंकार भी भरी की जब देश हिन्दू राष्ट्र बन जाएगा तो बिहार पहला हिंदू राज्य होगा। पटना के नौबतपुर के बाद गोपालगंज की भीड़ ने बिहार में इतिहास रच दिया। बता दें बागेश्वर धाम इन दिनों बिहार के गोपालगंज में 5 दिवसीय हनुमंत कथा कर रहे हैं। कथा का आज आखिरी दिन है।

धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि मेरे बिहार आने पर वही लोग विरोध कर रहे हैं, जिनको राम के नाम से दिक्कत है। लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि हम अपना कार्य बंद कर दें। उन्होंने कहा कि ‘हाथी चले बाजार कुत्ता भौंके हजार’। जो भौंक रहे हैं उनको भौकने दें, हमको उनसे ज्यादा भय नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में, दुनिया में मुसलमानों के लिए 65 देश, ईसाइयों के लिए 95 देश, बौद्धों के लिए एक देश और यहूदियों के लिए इजरायल है। तो फिर 150 करोड़ हिंदुओं के लिए भी एक निश्चित देश होना चाहिए। हम 150 करोड़ हिंदुओं के लिए लड़ रहे हैं और पूरे देश में हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार के लिए घूम रहे हैं। धर्म और राजनीति अलग-अलग हैं, और हम सनातन धर्म के प्रचार के लिए आये हैं। पूरे विश्व में हिंदुत्व के प्रचार के लिए कार्यरत है।

भारत में भी नहीं था सेक्युलरिज्म
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत को केवल सेक्युलर कहा गया है, लेकिन वास्तव में यहां सेक्युलरिज्म कभी था ही नहीं। जब 1947 में धर्म के आधार पर देश का विभाजन हो चुका है, तो जहां 80 प्रतिशत हिंदू रहते हैं, वह देश हिंदू राष्ट्र ही होगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई हिंदू आस्था और सनातन धर्म के अस्तित्व की है और वह इसे पूरी शक्ति से आगे बढ़ाएंगे। हिंदू राष्ट्र को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे संविधान बदलने के आरोपों पर बाबा बागेश्वर ने सफाई देते हुए कहा कि संविधान को बदलने की नहीं, बल्कि उसमें संशोधन की बात कही गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन यह देश के करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया, जब 1947 में मजहब के नाम पर भारत के टुकड़े कर दिए गए और पाकिस्तान बना दिया गया, तो भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने में क्या आपत्ति है?

हिंदू राष्ट्र के लिए करेंगे पदयात्रा
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर देशभर में पदयात्रा निकालने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले यह यात्रा उत्तर प्रदेश में निकाली जाएगी, फिर बिहार में। उन्होंने कहा, यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि हिंदू समाज की एकजुटता का प्रतीक होगी। बाबा बागेश्वर का मानना है कि अगर पूरे हिंदू समाज को संगठित किया जाए, तो यह राष्ट्र हिंदू राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

बिहार में जारी विरोध पर बयान
बिहार में कुछ संगठनों द्वारा उनके विरोध किए जाने को लेकर बाबा बागेश्वर ने कहा कि जो लोग राम नाम से चिढ़ते हैं, वही हमारा विरोध कर रहे हैं। लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सनातन धर्म की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहले भी भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग उठा चुके हैं। उनका मानना है कि भारत सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म का केंद्र है, इसलिए इसे आधिकारिक रूप से हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। उनकी इस मांग का कुछ संगठनों ने समर्थन किया है, तो कुछ राजनीतिक दलों और विपक्षी नेताओं ने इसका विरोध किया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे