मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन भी हंगामेदार रहा। राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा सत्र के दौरान विपक्ष ने घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
आज आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी सरकार प्रस्तुत किया गया। साल 2024-25 में GSDP में 11.05 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। साल 2023-24 में CSDP 13,53,809 करोड़ रुपए थी जो 2024-25 में प्रचलित भावों पर 15,03,395 रुपए हो गई है।
सागर से भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश सबसे कम बेरोजगारी है। इस पर रीवा के सेमरिया विधायक अजय मिश्रा ने कहा कि बेरोजगारी के बारे में तो झूठ मत बोलिए। कांग्रेस के दूसरे विधायकों ने भी इस मामले को लेकर आवाज उठाई।
सत्र के दौरान कांग्रेस द्वारा अलग-अलग मामलों पर किए जा रहे विरोध को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस मीडिया में छपने और फोटो अपॉर्चुनिटी के लिए विधानसभा का दुरुपयोग कर रही है। ऐसा करना ठीक नहीं है। कांग्रेस को विधानसभा में चर्चा में शामिल होना चाहिए। कांग्रेस नेता केवल पेपर में छपने के लिए विरोध कर रहे हैं।
इस दौरान मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी सामने आया। इस मुद्दे को विधायक जयवर्धन सिंह ने उठाया। विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि, राज्य के स्कूलों में सात हजार शिक्षकों की कमी है।
विधायक कंचन तन्वे, सोहनलाल बाल्मिक और प्रदीप लारिया ने खेलों को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, पंचायत-नगरीय क्षेत्रों में आयोजित खेल गतिविधियों में समन्वय किया जाएगा। इसके आधार पर एक साथ खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। स्टेडियम रखरखाव को लेकर बजट की व्यवस्था कराई जा रही है।
हरदा विधायक आरके दोगने ने टोकरी में सांप लेकर आने का कारण बताते हुए कहा कि सरकार नौकरियों पर सांप की तरह कुंडली मारकर बैठी है। लाखों पद खाली हैं और युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार देने में नाकाम रही है।
झाबुआ, बडवानी, खरगोन, अलीराजपुर, धार और झाबुआ में पैसा कानून लागू करने के लिए ग्राम सभाओं के गठन की जानकारी मांगी गई।इस पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने जवाब दिया। उन्होंने अलग-अलग जिलों में गठित ग्रामसभाओं की संख्या बताई। इसके अलावा सैलाना और बाजना विकासखंड की योजनाओं के कामों में देरी पर भी सवाल उठाया गया। इस पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि मेरे द्वारा अगर गलत जानकारी दी गई है तो मेरे खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया जाए।
राज्यपाल के अभिभाषण पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर मंत्री विश्वास सारंग का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि, अभिभाषण आने से पहले ही उस पर टिप्पणी करना कांग्रेस की आदत है। कांग्रेस के नेता अपनी कुर्सी बचाने के लिए कुछ तो बोलेंगे ही। इसीलिए अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस का एक विधायक बता दें कि उन्होंने अभिभाषण को पूरा सुना या पढ़ा है। हमारी सरकार विकास और कल्याण मूलक सरकार है।
डबल इंजन की सरकार की जो परिभाषा है उसको प्रतिपादित करते हुए हमारी सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी) के तहत हर वर्ग का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। राज्यपाल के अभिभाषण से सरकार की विकास और कल्याण की जो पॉलिसी है, वो परिलक्षित हुई है।