चंडीगढ़। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद राज्यसभा की ओर रुख कर सकते हैं। ऐसी अटकलें इसलिए लगाई जा रही है कि आप ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। ऐसे में अटकले लगना शुरू हो गई है कि क्या केजरीवाल अब राज्यसभा जाएंगे। हालांकि पार्टी ने इस अफवाह को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे।
बता दें कि आम आदमी पार्टी के हलका लुधियाना पश्चिम से विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी का जनवरी में निधन हो गया था। अब इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। पार्टी ने इस सीट राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान उतारा है। जिसके बाद से अटकलें शुरू हो गई है कि राजीव अरोड़ा की जगह अरविंद केजरीवाल राज्यसभा सांसद बन सकते हैं। जिसे पार्टी ने खारिज कर दिया है। टिकट मिलने के बाद संजीव अरोड़ा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के नेतृत्व आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया। अपने गृहनगर से गहराई से जुड़े होने के नाते मैं अपने लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की आशा करता हूं।
खास बात यह है कि लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने समय से पहले ही उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। इस वजह से ऐसे कयास लग रहे हैं कि संजीव अरोड़ा के जीतने के बाद उनकी खाली राज्यसभा सीट से अरविंद केजरीवाल संसद का रास्ता तय कर सकते हैं। नवंबर में बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ ही पंजाब की सीट से उपचुनाव हो सकता है। ऐसे में नवंबर के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि केजरीवाल राज्यसभा का रुख करेंगे या नहीं
2022 में बने थे राज्यसभा सांसद
लुधियाना के बड़े व्यवसायी संजीव अरोड़ा को आप की तरफ से मार्च 2022 में राज्यसभा का टिकट मिला था। संजीव अरोड़ा का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। 58 वर्षीय संजीव अरोड़ा 1986 से व्यवसाय में हैं। उन्होंने रितेश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम से सफल एक्सपोर्ट हाउस चलाया है। उनका एक्सपोर्ट का बड़ा काम है, अमेरिका के वर्जीनिया में अपना एक्सपोर्ट कार्यालय खोलकर काम शुरू किया। उनका परिवार लुधियाना का रहने वाला है। उनका एक घर गुरुग्राम में भी है। अरोड़ा रियल स्टेट के कारोबारी हैं, इसके अलावा गुरुग्राम में गारमेंट्स का बड़ा कारोबार है। लुधियाना से संजीव अरोड़ा तीसरे राज्यसभा सदस्य बने थे। इससे पहले भाजपा से सतपाल मित्तल और लाला लाजपत राय राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अब आप ने अरोड़ा को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।