नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। आज शाम 5 बजे चुनावी शोर थम जाएगा। खास बात यह है दिल्ली विधानसभा चुनाव में बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में गणेश उत्सव पार्क, लक्ष्मी बाई नगर में संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पर तीखा वार किया है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि कुछ हिन्दू हलिबुल्ला के पास जा रहे हैं। यही नहीं कुछ को चिंता है कि कहीं मेरी कुर्सी न खिसक जाए, इसको बचाने के लिए मंदिर छोड़ मस्जिद को हाथ जोड़ रहे हैं।
संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए हुए बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने कहा कि हम हिंदू-हिंदी और हिंदुस्तान को बचाने आए हैं। दुनिया को बदलने से पहले देश, देश बदलने से पहले राज्य और राज्य को बदलने से पहले जिले को बदलना होगा। अगर घर को बदलना चाहते हैं, तो पहले खुद को बदलना होगा। इतना ही नहीं पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि कुछ लोग मंदिर को छोड़कर मस्जिद में घुस जाते हैं और हाथ जोड़ लेते हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं की परेशानी होती है कि कहीं कुर्सी ना खिसक जाए। हमें तो जय बजरंग बली कहना है, कुछ हिंदू हलिबुल्ला के पास जा रहे। कहीं जाने की जरूरत नहीं। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह पूरे देश में घूमकर कन्या विवाह का निमंत्रण दे रहे है।
बजरंगबली का प्रताप चारों युगों में
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, प्रयागराज की धरती से लंबी यात्रा करके कन्या विवाह का निमंत्रण बांट रहे हैं। हम आप सबसे मिलने और कन्या विवाह का निमंत्रण देने के साथ हिंदू-हिंदी और हिंदुस्तान को बचाने आए हैं। आप सबके पूरे परिवार के ऊपर हनुमान जी कृपा बनी रहे। उन्होंने आगे कहा, हनुमान जी का प्रताप चारों युगों में हैं। हिंदुओं को आंदोलन नहीं, आंदोलित करना है। प्रत्येक व्यक्ति को हिंदुत्व पर गर्व हो। जब तक प्राण रहते हैं, तब तक आंदोलित किया जा सकता। समस्याओं का पता लगाने से समाधान मिल जाएगा। दुनिया को बदलने के पहले देश और देश से पहले राज्य और राज्य से पहले जिला को बदलना होगा। घर को बदलने से पहले खुद को बदलना होगा।
आंखों पर जैसा चश्मा वैसा नजारा-धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, आंखों पर जैसा चश्मा वैसा नजारा। दिल्ली वालों सुनों- भारत के लोगों को गुरु बनाना चाहते हैं। सारा खेल आंखों का है। दिल्ली वाले महान होते हैं। घोड़े को चश्मा लगाते ही सूखी घास हरी नजर आने लगी। देखने की कला बदलेंगे तो समस्या का समाधान हो जाएगा। तन बदलते हैं लेकिन मन नहीं बदलते हैं। दुनिया को बदलने से पहले खुद को बदलो। गाली देने वाले को सेम टू यू बोलना है। वो एक दिन सुधर कर चरणों में आ जाएगा। बागेश्वर बाबा ने आगे कहा, कपड़े बदलते मन नहीं बदलते। मंदिर बदलते हैं। कुछ लोग मंदिर को छोड़कर मस्जिद में घुस जाते हैं और हाथ जोड़ लेते हैं। दुनिया बदलने के पहले खुद को बदलना है। मन के हारे हार मन के जीते जीत। गरीबी में पढ़ने वाला अमेरिका का राष्ट्रपति बन जाता है, अगर नरेद्र स्वामी विवेकानंद बन सकता है।
बाबा बागेश्वर ने भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा को आशीर्वाद दिया। बता दें कि प्रवेश वर्मा का मुकमाबला आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से हो रहा है। धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात के बाद प्रवेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- भगवान हनुमान जी के परम भक्त व बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से प्रवाहित श्री संत सम्मेलन और आशीर्वचन में नई दिल्ली विधानसभा के गणेश उत्सव पार्क, लक्ष्मी बाई नगर पहुंचने पर पूज्य बालाजी सरकार का वंदन अभिनंदन और स्वागत किया। श्री संत सम्मेलन और आशीर्वचन का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और सभी की सुख समृद्धि और उन्नति की कामना की। आपकी श्रद्धा भक्ति से पूरी नई दिल्ली भगवामय और भक्तिमय हो गई। नई दिल्ली के मेरे परिवारजनों को अपना आशीर्वाद प्रदान करने के लिए पूज्य सरकार का ह्रदय से धन्यवाद।