नई दिल्ली। दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। शाम 5 बजे चुनावी शोर थमने से पहले राजनीतिक दलों के दिग्गज पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जमकर पसीना बहाएंगे। भाजपा की तरफ से जहां आज पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव का मोर्चा संभालेंगे। तो वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से सीएम आतिशी, पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान जैसे दिग्गज प्रचार के रण में दिखाई देंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार आज भाजपा की तरफ से जहां जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और अमित शाह मिलकर करीब आधा दर्जन चुनावी सभाएं और रैलियां करेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी की तरफ से अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और भगवंत मान मिलकर 3 जनसभा और 6 रोड शो करेंगे। बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर मतदान होगा। जबकि 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग एक्शन में है। ईसी एग्जिट पोल को लेकर सख्त फैसला ले लिया है। सोमवार सुबह एक नोटिफिकेशन जारी साफ शब्दों में कह दिया है कि 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 6.30 बजे के बीच एग्जिट पोल पूरी तरह से बैन रहेगा। शाम 6.30 बजे के बाद मीडिया एग्जिट पोल दिखा सकती है।
यमुना नदी के मुद्दे पर आंध्र प्रदेश के सीएम ने आप को घेरा
आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यमुना सबसे प्रदूषित नदी है। बीते 10 साल में आम आदमी पार्टी प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं कर पाई है। यह सब डबल इंजन वाली सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नाले के पानी और पीने के पानी में कोई फर्क नहीं है। क्या आप सोच सकते हैं कि आप पार्टी के पास दो राज्य हैं- दिल्ली और पंजाब? क्या आप सरकार पूरी तरह से विफल मॉडल नहीं है? उन्होंने कहा- यह मॉडल देश के लिए अच्छा नहीं है। हमें अभी से इस बात पर बहस करनी होगी कि अगर कोई राजनेता संपत्ति बनाता है, तो केवल वे ही संपत्ति के वितरण के बारे में बात कर सकते हैं। यह वह बहस है जिस पर दिल्ली चुनावों में चर्चा होनी चाहिए।
भाजपा नेता बोले- केजरीवाल ने तो दिल्ली को वेनिस बनाने का वादा किया था
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को वेनिस बनाने का वादा किया था, लेकिन ‘पानी तो हमारे सर के ऊपर से बह रहा है। ये पानी की पाइपें यहां हर घर में पानी की आपूर्ति कर रही हैं… उनके सहयोगियों और दोस्तों के फार्महाउसों में टैंकर माफियाओं को बैठाया गया है। उन माफियाओं ने भूजल को बोर कर दिया है जो यहां घरों में आपूर्ति किया जा रहा है। हर घर में एक निजी मीटर लगा है और जो बिल बनता है वह ठेकेदार के माध्यम से सीधे अरविंद केजरीवाल के पास जाता है। यह जल बोर्ड का पानी नहीं है, यह निजी आपूर्ति है।