भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों जापान की यात्रा है। सीएम ने मंगलवार को भारतीय दूतावास में आयोजित शो इंटरैक्टिव सेशन आॅन “इनवेस्टमेंट अपोर्चुनिटीज इन मध्यप्रदेश” के अवसर पर उद्योगपतियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस यात्रा से मध्यप्रदेश-जापान की मित्रता में एक नये अध्याय की शुरूआत होगी। उन्होंने जापान के उद्योगपतियों से उम्मीद जताई कि वे मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आगे आएंगे और राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाएंगे।
उद्योगपतियों से संवाद करते हुए सीएम ने कहा कि जापान का इतिहास प्रचीन काल से लेकर आधुनिक काल तक विविध और समृद्ध रहा है। विनाशकारी भूकंपों और प्राकृतिक आपदाओं से उभरते हुए जापान ने दुनिया को अपनी दृढ़ता के साथ नवाचार की क्षमता भी दिखाई है। जापान आज टेक्नोलॉजी के साथ रोबोटिक्स और आॅटोमोबाइल निर्माण में अग्रणी है। भारत और जापान के बीच व्यवसायिक संबंध तब शुरू हुए जब पैनासोनिक ने वर्ष 1972 में अपने विनिर्माण संयंत्र स्थापित किये हैं। आज भारत और जापान एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी साझा करते हैं।
आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा भारत
सीएम ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व बन्धुत्व की भावना के साथ नई वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। जापान ऐतिहासिक रूप में गौतम बुद्ध की परंपरा से जुड़ा है और भारत गौतम बुद्ध की धरती है। भारत और जापान का सदियों से परस्पर संबंध रहा है। प्राचीनकाल से आधुनिक युग तक जापान का समृद्ध इतिहास रहा है। विनाशकारी भूकंपों और प्राकृतिक आपदाओं से उबरने में जापान द्वारा दिखाई गई उद्यमशीलता को नमन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस जीवटता से जापान ने विश्व में विशेष पहचान बनाई है।
मप्र में निवेशकों का रखा जाता है पूरा ख्याल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए जो निवेशक आते हैं हम उनका पूरा ख्याल रखते हैं साथ ही उनकी सभी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाता है। मध्यप्रदेश में निवेशकों के लिए स्पष्ट एवं लाभकारी नीतियां हैं सिंगल विंडो क्लीयरेंस, पारदर्शी त्वरित अनुमोदन एवं अनुकूल सुविधाएँ और वातावरण उपलब्ध है। बिजली, पानी, भूमि और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी मौजूद हैं। मध्यप्रदेश उद्योगों के विकास के लिए पूर्णत समर्पित है।
जीआईसी में शामिल होने दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान के निवेश को और उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश आने और यहां की अपार संभावना का लाभ उठाने के लिए मैं सभी को आमंत्रित करता हूं। अनंत संभावनाओं की भूमि मध्यप्रदेश में निवेश करें और अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्र के विकास में अपना योगदान दें। सीएम ने निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि 24 और 25 फरवरी को भोपाल में इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। आप आईए हम आपको हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करेंगे।