भोपाल। मध्यप्रदेश के सभी जिला और कैंसर अस्पताल अत्याधुनिक मशीनों से लेस होंगे। इन सभी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, कैथ लैब, पेट-स्कैन, लाईनैक, और ब्रेकी-थेरेपी जैसे नई टेक्नोलॉजी की मशीनें लगाई जाएगी। प्रदेश के सभी जिला और कैंसर अस्पतालों में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक की।
बैठक में डिप्टी सीएम ने निर्देश दिए कि प्रदेश के हर क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधोसंरचना के विस्तार और अत्याधुनिक उपकरणों की खरीदी के प्रयासों में तेजी लाई जाए। वहीं यह सुनिश्चित किया जाऐ कि सेवाएं समय पर आम नागरिकों तक पहुंचे। शुक्ल ने निर्देश दिये कि अधोसंरचना विकास के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।
जरूरी सामग्री सभी अस्पतालों में हों उपलब्ध
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रक्रिया की सतत मॉनीटरिंग कर समयसीमा के भीतर उपकरण खरीदी का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सीटी स्कैन, एमआरआई, कैथ लैब, पेट-स्कैन, लाईनैक, और ब्रेकी-थेरेपी जैसे उन्नत उपकरणों की खरीदी प्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश के चिकित्सकीय संस्थानों में औषधि एवं कंज्यूमेबल की उपलब्धता की समीक्षा की। डिप्टी सीएम ने कहा कि जरूरी सामग्री आवश्यकतानुसार संस्थानों में उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाये।
शुक्ल ने की ट्रांसफर पोर्टल तैयारी की भी समीक्षा
शुक्ल ने ट्रांसफर पोर्टल की तैयारी की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। उन्होंने विभागीय स्तर पर पोर्टल को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश दिये ताकि ट्रांसफर प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तरुण राठी, एमडी एमपीपीएचएससीएल मयंक अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।