22.9 C
Bhopal

मप्र के अन्नदाताओं से माफी मांगने कांग्रेस निकाले क्षमा यात्रा, किसान न्याय यात्रा पर वीडी का हमला, जीतू पर भी किया वार

प्रमुख खबरे

भोपाल। किसानों की मांगों को लेकर मप्र कांग्रेस ने शुक्रवार प्रदेशभर में किसान न्याय यात्रा निकाली। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी समेत पार्टी के तमाम छोटे-बड़े नेताओं ने ट्रैक्टर में सवार में होकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस की इस किसान न्याय यात्रा और जीतू पटवारी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता चौबीसों घंटे झूठ बोलते हैं। छल-कपट की राजनीति करते हैं। कांग्रेस किसानों के साथ वादा-खिलाफी करती रही है और उसकी किसान न्याय यात्रा भी झूठ, छल-कपट की राजनीति ही है। कांग्रेस को तो किसान न्याय यात्रा की बजाय किसानों से क्षमा याचना के लिए क्षमा यात्रा निकालना चाहिए। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो किसानों की चिंता करती है।

कांग्रेसी लगातार बोलते हैं झूठ
वीडी यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के लोग लगातार झूठ बोलते हैं। मध्यप्रदेश का अन्नदाता भली भांति जानता है कि कांग्रेस की कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जो सरकार बनी थी, वह भी झूठ बोलकर ही आई थी। बाद में 15 महीने कांग्रेस की यह सरकार रही, लेकिन उस सरकार ने किसानों के साथ वादा-खिलाफी की और किसी किसान का कर्ज माफ नहीं किया। शर्मा ने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिसकी दिग्विजयसिंह सरकार ने मुलताई में धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गोलियां चलवा दी थी। यह वहीं कांग्रेस है, जिसने कई सालों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य के बारे में स्वामीनाथन कमेटी की अनुशंसाओं को लागू नहीं किया। किसान विरोधी कांग्रेस पार्टी ने दशकों के अपने शासन में देश के अन्नदाताओं को मजबूर बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस यात्रा को न तो किसानों का समर्थन मिल रहा है और न ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का। इसलिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ट्रैक्टर रोकने जैसे बहाने बनाकर अपनी असफलता को छिपा रहे हैं।

भाजपा सरकार करती है किसानों की चिंता
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर सिर्फ नौटंकी करती है, उनकी चिंता सिर्फ भाजपा की सरकार ही करती है। प्रदेश के किसान जानते हैं कि जब कांग्रेस की वादा-खिलाफी ने उन्हें कर्ज के बोझ से डिफाल्टर बना दिया था, तो उन्हें कर्ज से राहत देने का काम तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने किया था। यही, नहीं बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार द्वारा किसानों को जो सम्मान निधि दी जा रही है, उसके साथ ही मध्यप्रदेश सरकार भी अपनी तरफ से भी किसानों को सम्मान निधि दे रही है।

किसानों के हित में कई योजनाएं लाई डबल इंजन सरकार
वीडी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किसानों के हित में जो योजनाएं लाई गई हैं, जो कदम उठाए हैं, उनके परिणामस्वरूप देश-प्रदेश के किसानों के जीवन में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने किसानों के हित में मध्यप्रदेश में पहली बार समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीदी का निर्णय लिया है। सोयाबीन खरीदी का यह काम 25 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके लिए ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर 25 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक किसानों का पंजीयन किया जाएगा। वहीं, समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 19 सितम्बर से प्रारंभ हो चुका है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे