छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव होना है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन यानि सोमवार को भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों ने जमकर ताकत झोंकी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह के समर्थन में बटकाखापा और अमरवाड़ा में जनसभाओं को संबोधित किया। यहां पर उन्होंने जहां सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का बखान किया। वहीं कांग्रेस और कमलनाथ पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि आपके नेता हेलिकॉप्टर से उड़ते हैं क्या पांव में मेहंदी लगी कि वे घर के अंदर से ही हेलिकॉप्टर में उड़ते हैं। हम कहते हैं कि हेलिकॉप्टर लोगों की जान बचाने के काम आना चाहिए। हमारी सरकार ने निर्णय लिया कि कोई भी गरीब आदमी बीमार हो जाए तो डॉक्टर-कलेक्टर उसके लिए हेलिकॉप्टर की सुविधा निश्चित करेगा।
सीएम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आप सभी लोगों की उपस्थिति और चेहरे की चमक बता रही है कि यहां भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लहर चल रही है। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की पूरी जनता भाजपा के साथ है, यहां हमारी पार्टी को कोई नहीं हरा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हमेशा झूठ फैलाते हैं, उनके झूठ के चंगुल में नहीं फंसना है। कांग्रेस के छिंदवाड़ा से कमलनाथ करीब 40 साल तक सांसद रहे, लेकिन अमरवाड़ा क्षेत्र में सिंचाई और रोजगार के लिए कोई कार्य नहीं किया है। आप सभी भाजपा के प्रत्याशी कमलेश शाह को वोट देकर ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएं, भाजपा सरकार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
आदिवासी महापुरुषों को कांग्रेस ने कभी नहीं दिया सम्मान
सीएम ने कहा कि अंग्रेजों को धूल चटाने वाले आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा की वीरता को कांग्रेस ने कभी जनता के सामने नहीं आने दिया। हमारे प्रदेश के क्रांतिवीर जननायक टंट्या मामा के वीरता को भी जनता के सामने नहीं आने दिया। वीरांगना रानी दुर्गावती, अवंतीबाई लोधी की वीरता को भी जनता को नहीं बताया गया। लेकिन नरेन्द्र मोदी के पीएम बनने के बाद भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार आदिवासी महापुरूषों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। हमारी सरकार 2 करोड़ की लागत से जबलपुर में रानी दुर्गावती का स्मारक बनवा रही है। खरगौन विश्वविद्यालय का नाम टंट्या मामा भील के नाम पर किया गया है। राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह को भी भाजपा सरकार ने सम्मान देने का कार्य किया है। भाजपा सरकार आदिवासी वीर महापुरूषों की वीरता को स्कूली छात्रों को पाठ्यक्रमों में शामिल करेगी।
अमरवाड़ा क्षेत्र में सिंचाई परियोजना के साथ पीजी कॉलेज खुलेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अमरवाड़ा क्षेत्र में पीने के पानी के साथ सबसे बड़ी समस्या सिंचाई के लिए पानी की है। इस क्षेत्र में नदियों को जोड़कर, बड़े बांध बनाकर हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा। इस क्षेत्र में पीजी कॉलेज भी खोला जाएगा। आदिवासी क्षेत्र के बच्चों को प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की नौकरी के लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी। इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार के साधन भी भाजपा सरकार उपलब्ध करा रही है। खेती के साथ पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्व. मनमोहन शाह बट्टी के निवास गया था, बगिया में उनकी समाधि स्थल पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि स्व. मनमोहन शाह बट्टी के सभी सपनों और अधूरे कार्यों को भाजपा सरकार पूरा करेगी। स्व. मनमोहन शाह बट्टी आज जहां कहीं भी हैं, वे हमें और भाजपा को आशीर्वाद दे रहे हैं।