21.4 C
Bhopal

शाजापुर को मिलेगी फूड इंडस्ट्री की सौगात, सीएम मोहन का ऐलान- अब तहसील के नाम जाना जाएगा मक्सी भी

प्रमुख खबरे

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को शाजपुर जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने जिले में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग लिया। सबसे पहले सीएम ने सेमलीचाचा स्थित हाटकेश्वर धाम में आयोजित रक्षाबंधन पर्व और भागवत कथा कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके बाद डॉ. यादव ने शाजापुर में मातृ-शिशु चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम ने शाजपुर के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की। सीएम ने उप तहसील मक्सी को तहसील बनाने की घोषणा की। वहीं शाजापुर में कृषि आधारित फूड इंडस्ट्री लगाने की भी ऐलान किया।

अस्पताल के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार कृत-संकल्पित है। इसी कड़ी में आज शाजापुर में 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का लोकार्पण किया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस चिकित्सालय में जच्चा और बच्चा को उच्च स्तरीय सेवाएं मिल सकेंगी।सीएम ने कहा कि प्रत्येक विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाये। उन्होंने कहा कि बजट साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए का है, इसे 5 साल में बढ़ाकर 7 लाख करोड़ का करना है। विकास के मामले में लगातार आगे बढ़कर देश में मध्यप्रदेश को अग्रणी बनाया जायेगा।

शाजापुर के विकास में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर
उन्होंने कहा कि शाजापुर जिले के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। जिले में नर्मदा जी का जल आ चुका है। अब पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना का लाभ भी शाजापुर को मिलेगा। परियोजना से 13 जिले लाभान्वित होंगे। किसानों को 24 घंटे पानी और बिजली की उपलब्धता मिलेगी, जिससे जिले में फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। इसी दौरान सीएम ने शाजापुर की उप तहसील मक्सी को तहसील बनाने की घोषणा भी की। सीएम कहा कि सरकार के गठन के बाद लगातार प्रयास किया है कि प्रदेश में किसानों को लाभ मिले और इस दिशा में किसानों ने अपनी उत्पादकता भी अच्छी बढ़ाई है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में रोजगार के संसाधन बढ़ाए जायें, इसके लिए औद्योगिक विकास की भी आवश्यकता है। औद्योगिक विकास दर बढ़ाने के लिए उत्पादकता बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शाजापुर में कृषि आधारित फूड इंडस्ट्री भी लगाई जायेगी।

प्रदेश के 25 हजार स्थानों में आयोजित होंगे रक्षाबंधन कार्यक्रम
हाटकेश्वर धाम में आयोजित रक्षाबंधन पर्व को संबोधिक करते हुए सीएम ने कहा कि हमारी संस्कृति दुनिया की श्रेष्ठ संस्कृति है। हमारी अच्छाई हम दुनिया में बांटने के लिए निकले हैं। हमारे तीज-त्यौहार घर में मनाने के लिए नहीं है। प्रत्येक तीज त्यौहार समाज के साथ सबके बीच आनंद महसूस करते हुए मनाए जाने की जरूरत है। हमने इसकी परंपरा प्रारंभ की है। सावन के माह में रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के लिए राज्य सरकार 10 अगस्त को सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1 करोड़ 29 लाख बहनों के खाते में प्रतिमाह मिलने वाले 1250 रुपए के अतिरिक्त 250 रुपए उपहार स्वरूप प्रदान करेगी। इसके लिए प्रदेश के 25 हजार से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर रक्षाबंधन का त्यौहार भी मनाया जायेगा।

लाड़ली बहनों ने भेंट की विशाल राखी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को शाजापुर में मातृ-शिशु चिकित्सालय के लोकार्पण समारोह में लाड़ली बहनों द्वारा तैयार की गई लगभग 20 फिट की विशाल राखी भेंट की गई। साथ ही बड़ी संख्या में बहनों ने राखी भी बांधी। मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये । कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कच्ची घानी का तेल, गाय का घीं, नीमाड़ी मिर्च पाउडर, शाजापुर का प्रसिद्ध लाल प्याज, बारामासी सफेद जामुन का पौधा मुख्यमंत्री को भेंट किया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे