24 C
Bhopal

राहुल का यूएस दौरा: वाशिंगटन डीसी में भी BJP-RSS पर बरसे राहुल गांधी, EC और PM मोदी को भी लिया आड़े हाथों

प्रमुख खबरे

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका की यात्रा पर है। यूएस यात्रा के दौरान राहुल गांधी हर दिन अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मंगलवार को वाशिंगटन डीसी में स्थित जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी पहुंचे। जहां राहुल छात्रों से रूबरू हुए। खास बात यह रही राहुल ने यहां पर भी कई मुद्दों को लेकर भाजपा और आरएसएस को जमकर कोसा। संघ को अपने निशाने पर लेते हुए राहुल ने कहा कि आरएसएस कुछ राज्यों को दूसरे राज्यों, भाषाओं, धर्मों, और समुदायों को दूसरे की तुलना में कमतर बताती है। ‘हर राज्य का अपना इतिहास और परंपरा है, लेकिन आरएसएस की विचारधारा तमिल, मराठी, बंगाली, मणिपुरी आदि को कमतर भाषाएं मानती है, इसी बात को लेकर लड़ाई है, ये लोग (संघ) भारत को नहीं समझते।’

राहुल यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि ‘चुनावों से पहले, हम इस विचार पर जोर देते रहे कि संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है। आरएसएस ने शिक्षा प्रणाली पर कब्जा कर लिया है। मीडिया और जांच एजेंसियों पर कब्जा है। हम यह कहते रहे, लेकिन लोगों को समझ में नहीं आ रहा था। फिर संविधान को आगे रखना शुरू किया और जो कुछ भी कहा था, वह अचानक से फूट पड़ा। वहीं भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा को समझ में नहीं आता कि ये देश सबका है। भारत एक संघ है। संविधान में साफ लिखा है। इंडिया यानी भारत राज्यों का एक संघ है। देश का इतिहास, परंपरा, संगीत और नृत्य है। हालांकि, बीजेपी कहती है कि भारत संघ नहीं है, ये अलग है।

हमारे बैंक खाते बंद किए गए
भारत में कुछ महीने पहले कराए गए लोकसभा चुनाव 2024 का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘गरीब भारत, उत्पीड़ित भारत ने यह समझ लिया कि अगर संविधान खत्म हो गया तो पूरा खेल खत्म हो जाएगा। गरीबों ने गहराई से समझ लिया कि यह संविधान की रक्षा करने वालों और इसे नष्ट करने वालों के बीच की लड़ाई है। जाति जनगणना का मुद्दा भी बड़ा हो गया। ये चीजें अचानक एक साथ आने लगीं। मुझे नहीं लगता कि निष्पक्ष चुनाव में भाजपा 246 के करीब थी। उनके पास बहुत बड़ा आर्थिक लाभ था। उन्होंने हमारे बैंक खाते बंद कर दिए थे।’हम इस पर चर्चा कर रहे थे कि अब क्या करना है। मैंने कहा ‘देखी जाएगी’, देखते हैं हम क्या कर सकते हैं, और हम चुनाव में उतर गए।

मैं इसे स्वतंत्र चुनाव नहीं मानता
निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा,’चुनाव आयोग वही कर रहा था, जो वे (भाजपा) चाहते थे। पूरा अभियान इस तरह से बनाया गया था कि नरेंद्र मोदी देश भर में अपना काम करें। जिन राज्यों में वे (बीजेपी) कमजोर थे, उन्हें उन राज्यों से अलग डिजाइन किया, जहां वे मजबूत थे। मैं इसे स्वतंत्र चुनाव के रूप में नहीं देखता। मैं इसे नियंत्रित चुनाव के रूप में देखता हूं।’

मोदी के विचार, 56 इंच का सीना, भगवान से सीधा संबंध, सब अब खत्म
उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव के बाद सब कुछ बदल गया है। कुछ लोगों ने कहा ‘डर नहीं लगेगा अब, डर निकल गया अब।’ बकौल राहुल गांधी, ‘मेरे लिए यह दिलचस्प है कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतना डर फैलाया और छोटे व्यवसायों पर एजेंसियों का दबाव बनाया लेकिन, सब कुछ सेकंड में गायब हो गया। उन्हें यह डर फैलाने में सालों लग गए।’ उन्होंने कहा कि संसद में वे प्रधानमंत्री को सामने देखते हैं। अब इतना साफ है कि मोदी का विचार, 56 इंच का सीना, भगवान से सीधा संबंध, यह सब अब खत्म हो गया है, यह सब अब इतिहास बन गया है।

ओबीसी-दलितों को धोखा दिया जा रहा
राहुल गांधी ने कहा,’प्रचार अभियान के आधे समय में मोदी को नहीं लगा कि वे 300-400 सीटों के करीब हैं। जब उन्होंने कहा कि मैं सीधे भगवान से बात करता हूं तो हमें पता चल गया था कि हमने उन्हें पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। हमने इसे मनोवैज्ञानिक पतन के तौर पर देखा। नरेंद्र मोदी को सत्ता में लाने वाला गठबंधन टूट गया है। सरकार और दो या तीन बड़े व्यवसायों के बीच बहुत बड़ी सांठगांठ है। ओबीसी और दलितों को धोखा दिया जा रहा है।’

90% आबादी के बारे में कही ये बात
राहुल ने कहा,’मुद्दा यह है कि भारत के 90 फीसदी ओबीसी, दलित और आदिवासी इस खेल में शामिल नहीं हैं। जाति जनगणना यह जानने का एक सरल तरीका है कि निचली जातियां, पिछड़ी जातियां और दलित किस तरह से व्यवस्था में एकीकृत हैं। भारत के शीर्ष 200 व्यवसायों में से भारत की 90 फीसदी आबादी के पास लगभग कोई स्वामित्व नहीं है। देश के सर्वोच्च न्यायालयों में भारत के 90 फीसदी लोगों की लगभग कोई भागीदारी नहीं है। हम समझना चाहते हैं कि उनकी सामाजिक और वित्तीय स्थिति कैसी है। हम इन संस्थानों में भारत की भागीदारी की भावना जानने के लिए भारतीय संस्थानों को भी देखना चाहते हैं।’

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे