24.1 C
Bhopal

बेंगलुरू की तरह उज्जैन में भी आकार लेंगे IT पार्क, CM मोहन ने तत्काल जमीन उपलब्ध कराने दिए निर्देश

प्रमुख खबरे

भोपाल। डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद से मध्यप्रदेश औद्योगिकीकरण की राह पर अग्रसर हो गया है। इसमें धार्मिक नगरी उज्जैन का भी नाम शामिल है। उज्जैन में भी बेंगलुरू की तर्ज पर आईटी पार्क जल्द आकार लेंगे। इतना ही नहीं, सीएम मोहन ने इसके लिए जिला प्रशासन को निर्देश भी दे दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जल्द से जल्द आईटी पार्क के जमीन आवंटित की जाए। दरअसल सीएम मंगलवार को उज्जैन के दौरे पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने नागझिरी स्थित बेस्ट लाइफ स्टाइल इंडस्ट्रीज (वस्त्र उद्योग) का अवलोकन किया। इसी दौरान सीएम ने उज्जैन में आईटी पार्क विकसित करने के निर्देश दिए।

सीएम ने कहा है कि उज्जैन औद्योगीकरण की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में टेक्सटाइल उद्योग अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने मालवांचल में टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने एवं उद्योगों में महिला सुरक्षा के लिए भी पुलिस प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. यादव ने बेस्ट लाइफ स्टाइल कार्यालय में अधिकारियों के साथ उज्जैन में औद्योगिक विकास की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। सीएम ने कहा कि उज्जैन को मेडिकल टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जाए। उज्जैन में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करने के इच्छुक देश के प्रमुख उद्योगपतियों से प्राप्त प्रस्तावों में निवेश के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाएं।

उज्जैन की महिलाओं के कौशल का डंका बज रहा पूरे विश्व में
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन के बेस्ट अपेरल पार्क में तैयार किये जा रहे वस्त्र उच्च गुणवत्ता व अंतर्राष्ट्रीय मानक स्तर के हैं। यहां से तैयार किये गये वस्त्र अमेरिका, कनाडा आदि देशों में निर्यात किये जा रहे हैं, जिससे उज्जैन का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। उज्जैन का समृद्ध वस्त्र उद्योग अब पुनर्जीवित हो रहा है। उज्जैन की महिलाओं के कौशल का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। इसी के साथ उन्होंने निर्देशित किया कि बेस्ट अपेरल पार्क में शीघ्र ही नाईट शिफ्ट भी शुरू की जाये, जिससे अधिक महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इंदौर की तरह उज्जैन में भी रेडीमेड कॉम्प्लेक्स, प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्क का विकास किया जाए। उन्होंने विक्रम उद्योग की सफलता को और अधिक विस्तार देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने किसानों को कपास की खेती के लिए भी प्रोत्साहित करने की बात कही और कहा कि कृषकों की आमदनी बढ़ाने के लिये उद्योगों में कच्चा माल स्थानीय स्तर से लिया जाये।

सीएम ने चलाई मशीन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बेस्ट लाइफ स्टाइल इंडस्ट्रीज (वस्त्र उद्योग) के भ्रमण के दौरान लगभग 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा किए जा रहे वस्त्र निर्माण के कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यरत महिलाओं से आत्मीय चर्चा कर उनके कार्य की सराहना भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मशीन भी चलाई। उद्योग में कार्यरत लगभग 1000 से अधिक महिलाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वस्त्र तैयार कर रही महिला कारीगरों से वेतन और घर-परिवार के बारे में चर्चा की। महिला कारीगरों ने बताया कि रोजगार मिलने से संतुष्ट हैं। अब घर-परिवार चलाने में किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो रही है और हम आत्मनिर्भर हुए हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे