23.3 C
Bhopal

प्रभात झा के निधन से MP में शोक की लहर: मोहन-शिव और वीडी ने जताया दुख, पूर्व CM ने कही यह बात

प्रमुख खबरे

भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा का शुक्रवार सुबह दिल्ली के मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। झा के निधन से पूरे प्रदेश में शोक व्याप्त है। झा के दुखद निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ला समेत पार्टी के तमाम नेताओ ने संवेदना व्यक्त की है। स्व. प्रभात झा का अंतिम संस्कार शनिवार, 27 जुलाई को अपराह्न 3.00 बजे बिहार के सीतामढ़ी जिले में स्थित उनके पुश्तैनी गांव कोरियाही में किया जाएगा।

सीएम ने प्रभात झा जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभात झा एक सजग जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने पार्टी संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। इनमें राज्यसभा सदस्य और मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से स्व. प्रभात झा की आत्मिक शांति और उनके परिजनों, प्रशंसकों और विशाल मित्र समूह को दुख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है। वहीं झा के निधन पर वीडी शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभात झा जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। श्री शर्मा ने कहा कि प्रभात जी एक प्रतिभाशाली पत्रकार, कुशल संगठक और जनता से जुड़े राजनेता थे।

जनता के हित के लिए काम करते रहे प्रभात जी: शिवराज
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व साथी प्रभात झा के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध और दु:खी हूं। लोक कल्याण और जनता के हित के लिये उन्होंने सदैव कार्य किया। उनके साथ कार्य करने का लंबा अनुभव रहा है। प्रभात जी का मार्गदर्शन हम कार्यकर्ताओं को हमेशा मिलता रहा है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

प्रभात झा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद
वहीं डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि श्री प्रभात झा जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद और हृदयविदारक है। प्रदेश अध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश भाजपा संगठन को सुदृढ़ता के नये आयाम तक पहुंचाने और अनेक कार्यकतार्ओं को भाजपा के माध्यम से राष्ट्रसेवा एवं समाजसेवा से जोड़ने में आपका उल्लेखनीय योगदान रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। वहीं डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रभात झा के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। वे राष्ट्रसेवा में आजीवन समर्पित रहे, ऐसे कर्मठ व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिजनों और समर्थकों को यह विकट दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे