24.1 C
Bhopal

पेरिस में मेडल जीतना असाधारण उपलब्धि, मनु को ऐसे खूब सराहा टीम इंडिया के पूर्व कोच ने

प्रमुख खबरे

पेरिस। भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में इतिहास रच दिया है। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में 221.7 स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता है। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी है। बता दें कि निशानेबाजी में अब तक किसी महिला खिलाड़ी ने देश के लिए मेडल नहीं जीता था। मनु भाकर द्वारा पेरिस ओलंपिक में इतिहास रचे जाने के बाद एक ओर जहां पूरा देश खुशी से झूम उठा है। वहीं दूसरी ओर उन्हें ढेर सारी बधाईयां और उनकी खूब सराहना भी हो रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक ने मनु भाकर की खूब की तारीफ की है। अब इस लिस्ट में टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने मनु की जमकर सराहना की है।

यहां पर बता दें कि हरियाणा के झज्जर की रहने वाली 22 साल की मनु भाकर ने कड़ी चुनौती पेश करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में 221.7 अंक अर्जित किए और कांस्य पदक हासिल किया। कोरिया की किम येजी ने 241.3 अंक के साथ रजत और जिन ये ओह ने 243.2 अंक के खेलों के ओलंपिक रिकॉर्ड से स्वर्ण पदक हासिल किया। द्रविड़ ने मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि ‘मनु की कहानी अद्भुत है । टोक्यो ओलंपिक की निराशा के बाद पेरिस आकर कांस्य पदक जीतना असाधारण उपलब्धि है। ऐसे खास दिन यहां आकर अच्छा लगा। इस तरह की उपलब्धियां बरसों के बलिदान, कड़ी मेहनत और समर्पण से मिलती है। एक खिलाड़ी के लिए यह आसान नहीं होता।’

तीन साल बाद उन्हें वह मिला, जिसकी उन्हें लालसा थी
द्रविड़ ने कहा कि भारतीय खेलों के लिए विशेष दिन पर यहां आना अच्छा है। मैं उनके कई खेलों में उस दबाव की कल्पना कर सकता हूं जो इसमें शामिल है क्योंकि यह उनके खेल का शिखर है। इससे बड़ा कुछ नहीं हो सकता और उनके लिए इस दबाव में भी शानदार प्रदर्शन करना भारतीय खेलों के लिये सचमुच महान दिन है। इतने सारे लोगों के लिए क्या प्रेरणादायक कहानी है। द्रविड़ ने दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के बारे में कहा, ‘हम जानते हैं कि खिलाड़ियों के लिए यह कितना मुश्किल होता है और वे किस चीज से गुजरते हैं और काफी कुछ इन कुछ दिनों पर निर्भर करता है।’ तोक्यो ओलंपिक में क्वालीफिकेशन के दौरान पिस्टल में खराबी के कारण भाकर निराश हो गई थीं लेकिन तीन साल बाद उन्हें वह मिल गया जिसकी उन्हें लालसा थी।

टीम इंडिया को विश्व विजेता बनाने में राहुल ने निभाई थी अहम भूमिका
खेल के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक द्रविड़ ने हाल में टी20 विश्व कप में टीम के मुख्य कोच के रूप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। यह बतौर कोच टीम इंडिया के साथ उनका आखिरी टूर्नामेंट था। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम के अपने पूर्व साथी गौतम गंभीर को कमान सौंपी। द्रविड़ फिलहाल फ्रांस की राजधानी में ‘क्रिकेट एट द ओलंपिक: डॉन आॅफ ए न्यू एरा’ विषय पर पैनल चर्चा में भाग लेने आए हैं। इसमें क्रिकेट को 2028 लॉस एंजिलिस खेलों में शामिल किए जाने का जश्न मनाया जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे