21.4 C
Bhopal

गढ़ दीवार हादसा : चारों मासूम का हुआ अंतिम संस्कार, हर तरफ पसरा था मातम

प्रमुख खबरे

रीवा। रीवा जिले के गढ़ कस्बे में दीवार गिरने से काल कलवित हुये चारों मासूम बच्चों का रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग समेत प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौजूद थे। इधर दीवार गिरने के मामले में गिरफ्तार किये गये नामदेव बंधुओं को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे गढ़ कस्बे में संचालित सनराईज पब्लिक स्कूल के मासूम छात्रों पर जर्जर दीवार भरभरा कर गिर गई थी। इस हादसे में गढ़ निवासी वीरेन्द्र गुप्ता के पुत्र सिद्धार्थ गुप्ता 5 वर्ष व पुत्री मान्या गुप्ता 7 वर्ष एवं भतीजी अंशिका गुप्ता पुत्री सुरेन्द्र गुप्ता 5 वर्ष समेत अनुज प्रजापति पुत्र इंद्रपाल प्रजापति 6 वर्ष की मृत्यु हो गई थी। जबकि रक्षा गुप्ता 7 वर्ष एवं रानी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गये थे।

घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया था। पुलिस ने मृतकों का शव पोस्टमार्टम के गंगेव स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया था। जहां चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार को उक्त चारों मासूमों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। अपने कलेजे के टुकड़ों के खोने वाले परिजनों का हाल रो-रो कर बुरा था। किसी तरह दिल में पत्थर रख कर अंतिम संस्कार किया।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
मामले में पुलिस ने मकान मालिक रमेश नामदेव पुत्र जगदीश नामदेव 54 वर्ष एवं सतीश नामदेव पुत्र रामनरेश नामदेव 30 वर्ष के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/24 में धारा 125ए, 106(1), 290, 105 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुये गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद रविवार की दोपहर दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

मृतक के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि
दीवार गिरने से चार मासूमों की दुखद मृत्यु हो गयी थी। मृतकों के परिजनों को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के तहत चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि मंजूर की गयी है। वहीं मुख्यमंत्री ने भी आहत परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा शनिवार को ही कर दिया था।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे