24.1 C
Bhopal

आप गर्व से बता सकते हैं, आज भारत छू रहा नई बुलंदियों को: मास्को में भारतीयों से बोले PM मोदी

प्रमुख खबरे

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर रूस पहुंचे हैं। वह सोमवार को सबसे पहले मास्को पहुंचे। जहां रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ऐतिहासिक स्वागत किया। बता दें कि पुतिन के आवास पर दोनों शीर्ष नेताओं की मुलाकात हुई थी। वहीं दोनों नेता आज मंगलवार को शिखर सम्मेलन में आमने-सामने बैठेंगे। शिखर वार्ता में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने आज रूस में रह रहे भारतीय समुदायों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत को लेकर कई बड़ी बाते कहीं।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज यहां अकेले नहीं आया हूं बल्कि अपने साथ देश की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं। आज नौ जुलाई है, इस दिन की खास बात ये है कि मैंने इसी दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इस तरह से मुझे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लिए हुए एक महीना हो गया है। मोदी ने कहा कि ‘सभी भारतीय अपनी मातृभूमि के लिए सीना तानकर खड़े हो सकते हैं। आप गर्व से बता सकते हैं कि आज का भारत नई बुलंदियों को छू रहा है। आज 140 करोड़ भारतीय दशकों से चली आ रहीं समस्याओं को सुलझाने में विश्वास रखता है और उन्हें दबाकर रखने का रवैया नहीं है।

सबसे आगे निकलने के लिए तैयार रहते हैं भारतीय
पीएम ने कहा कि आज भारतीय सबसे आगे निकलने की तैयारी में जुटे रहते हैं। हमने अपनी अर्थव्यवस्था को कोविड संकट से ही बाहर नहीं निकाला बल्कि भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था में से एक बना दिया।’ ‘हम वैश्विक स्तर के मील के पत्थर पार कर रहे हैं। हम दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना चला रहे हैं। आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम है। ये सब देश के 140 करोड़ देशवासी कर रहे हैं। वे सपने भी देखते हैं और संकल्प भी करते हैं और उनकी सिद्धि के लिए जीन जान से जुट जाते हैं। ये भारतीयों की लग्न, मेहनत और निष्ठा से संभव हो रहा है।’

‘दुनिया कह रही है कि भारत बदल रहा है’
प्रधानमंत्री अपने संबोधन में बोले, ‘जब भारत जी20 का आयोजन करता है, तो दुनिया एक स्वर में बोलती है कि- ‘अरे भारत तो बदल रहा है।’ जब 10 साल में भारत अपने एयरपोर्ट की संख्या को बढ़ाकर दोगुना कर देता है, तब दुनिया कहती है कि भारत बदल रहा है। जब भारत सरकार 40 हजार किमी से ज्यादा रेल लाइन का विद्युतीकरण कर देता है तो दुनिया को भी भारत की ताकत का अहसास होता है। उन्हें लगता है देश बदल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत 140 करोड़ नागरिकों के सामर्थ्य पर भरोसा करता है। विश्वभर में फैले हुए भारतीयों के सामर्थ्य पर भरोसा करता है, गर्व करता है। इस वजह से भारत बदल रहा है। 140 करोड़ देशवासियों ने करके दिखाया है। भारत को अपने सामर्थ्य पर भरोसा है। भारत डिजिटल ट्रांजैक्शन का सबसे बड़ा मॉडल है।

विदेशों में रहने वाले भारतीय आज भारत पर करते हैं गर्व
पीएम मने कहा कि आज हिंदुस्तान मेहनत कर रहा है। विदेशों में रहने वाले भारतीय आज भारत पर गर्व करते हैं। देशवासियों ने विकसित भारतीयों का संकल्प लिया है। सामर्थ्य पर भरोसे की वजह से भारत बदला है। दुनिया भारत का नवनिर्माण देख रही है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हम निराशा के गर्त में डूब चुके थे, हताशा-निराशा ने हमें जकड़ लिया था। लेकिन आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है। एक ही बीमारी के दो मरीज अस्पताल में हो, उतने ही सामर्थ्यवान डॉक्टर हो। लेकिन एक निराशा में डूबा हुआ मरीज हो, दूसरा आत्मविश्वास से भरा हुआ हो तो आपने देखा होगा आत्मविश्वास से भरा हुआ मरीज ठीक होकर अस्पताल होकर बाहर आता है। आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है, ये हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पूंजी है।

इस सरकार में 3 का अंक छाया हुआ है
उन्होंने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने शपथ ली थी कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर तीन गुनी रफ्तार से काम करूंगा। इस सरकार में 3 का अंक छाया हुआ है। हमें तीन गुनी रफ्तार से काम करना है। हमारा लक्ष्य भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बनाना है। हमारा लक्ष्य तीन करोड़ लखपति दीदी बनाना है। देश को तीसरी अर्थव्यवस्था बनाना है। गरीबों के लिए तीन करोड़ घर बनाना है। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया हिंदुस्तान का टैलेंट देख अचंभित है। देश के विकास की रफ्तार से आज दुनिया हैरान है। दुनिया कहती है कि भारत बदल रहा है। आज भारत में लाखों स्टार्टअप है। आज का भारत जो ठान लेता है, पूरा करता है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे