24.1 C
Bhopal

अहिल्या उत्सव में बोले सीएम: लोकमाता ने देश भर में मालवा को दिलाया मान-सम्मान, कार्यक्रमों के लिए बनेगी समिति

प्रमुख खबरे

भोपाल। लोक माता देवी अहिल्याबाई की की 229वीं पुण्यतिथि पर इंदौर के गांधी हाल में अहिल्या उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। कार्यक्रम में शामिल होने आए अतिथियों को संबोधित करते हुए सीएम लोकमाता की खूब तारीफ की। डॉ. यादव ने अहिल्या उत्सव पर आयोजित मां अहिल्याबाई होलकर की पालकी यात्रा का पूजन किया और उन्होंने पालकी को अपने कांधों पर थामकर यात्रा की शुरूआत की। कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी भी मौजूद थीं।

सीएम ने कहा कि देवी अहिल्या माता ने अपने कुशल प्रबंधन से 300 सालों तक की व्यवस्था की। माता अहिल्या के प्रशासन की जगह आज की प्रशासनिक व्यवस्था भी कमजोर दिखाई देती है। उन्होंने देश भर में मालवा के मान-सम्मान को बढ़ाने का काम किया। सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई के आदर्शों, सिद्धांतों, व्यक्तित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिये राज्य शासन द्वारा समिति का गठन किया जायेगा। इस समिति के माध्यम से लगातार कार्यक्रम होंगे। समिति गठन के संबंध में शीघ्र ही आदेश जारी किये जाएंगे।

इतिहास में इंदौर का रहा विशेष स्थान
सीएम ने कहा कि इतिहास में इंदौर का विशेष स्थान रहा है। यहां देवी अहिल्याबाई होलकर जैसी न्यायप्रिय, कुशल संगठक, कुशल प्रबंधक, संघर्षशील, धर्मप्रिय एवं उद्दतभाव वाली ममतामयी शासक रही हैं। उन्होंने अपनी शासन व्यवस्था से देश में विशेष पहचान कायम की है और भगवान शिव को आराध्य मानकर साथ में रखकर और शासन व्यवस्था चलायी। उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण और जल-संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में किये गये कार्य आज भी हमारे लिए प्रेरणा के स्त्रोत है।

अहिल्याबाई हम सबकी आदर्श और प्रेरणा स्त्रोत
डॉ. यादव ने कहा कि सम्पूर्ण राष्ट्र में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यों को बढ़ावा दिया है। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व, आदर्श और सिद्धांत हमारे लिये प्रेरणास्पद है। उनके आदर्शों, सिद्धांतों, व्यक्तित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिये राज्य शासन द्वारा समिति का गठन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई हम सबकी आदर्श और प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने जनहितैषी और ममतामयी विशेष शासन व्यवस्था से देश में विशेष पहचान स्थापित की है। वे सनातन धर्म की बड़ी संवाहक रही हैं।

ताई ने खूब की मोहन की तारीफ
ताई ने कहा कि पुण्य सलिला देवी अहिल्याबाई होलकर ने जल-संरक्षण के क्षेत्र में हमें नई दिशा दिखायी है। उनके इन कार्यों से प्रेरणा लेकर हमने इंदौर जिले में अभियान चलाकर जन-भागीदारी से 200 से अधिक तालाबों का गहरीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई का उत्सव समाज का उत्सव है। इस उत्सव में समाज के हर वर्ग, हर जाति, हर धर्म, हर आयु वर्ग के लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं। कार्यक्रम की शुरूआत में पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने सीएम डॉ मोहन यादव की तारीफ करते हुए कहा कि हम सब देख ही रहे हैं, जिस तेज गति से मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं वह काबिले तारीफ है। मैं जिस साल इंदौर में शादी होकर आई उसी साल आपका (सीएम यादव) जन्म हुआ। हमारा इंदौर आगमन और आपका उज्जैन आगमन।

बारिश के बीच शुरू हुई पालकी यात्रा
कार्यक्रम के बाद पालकी यात्रा की शुरूआत हुई। इस दौरान हल्की बारिश में पालकी यात्रा में शामिल लोगों का उत्सव और बढ़ गया। यात्रा में बोहरा समाज के लोग परंपरागत वेशभूषा में नेपालीजन बैंड के साथ शामिल हुए। अलग अलग वेशभूषा में महिलाएं घोड़ों पर सवार होकर निकली। यात्रा एमजी रोड, कोठारी मार्केट, एमजी रोड थाना, कृष्णपुरा छत्रियां, राजबाड़ा होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। कार्यकारी अध्यक्ष अशोक डागा, सुधीर देड़गे और राम मूंदड़ा ने बताया पालकी को श्रद्धालु उठाए चलेंगे। यात्रा में इस्कॉन का रथ आकर्षण का केंद्र रहेगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे